उत्तराखंड, कर्मचारियों और युवाओं की माँगे राष्ट्रीय मंच पर उठाएँगे राहुल गांधी, आगामी कांग्रेस घोषणा पत्र में इन प्रमुख मुद्दों को मिलेगी जगह,,,

देहरादून: उत्तराखंड के कर्मचारियों, युवाओं और बेरोजगारों की लंबे समय से लंबित माँगों को अब राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की तैयारी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य की अगुआई में उत्तराखंड के प्रमुख कर्मचारी संगठनों व उत्तराखंड बेरोजगार संघ के प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के युवाओं और कर्मचारियों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को राहुल गांधी के समक्ष विस्तार से रखा। इस अवसर पर मुख्य रूप से निम्नलिखित विषयों पर गंभीर चर्चा हुई:
- पुरानी पेंशन योजना (OPS): पुरानी पेंशन व्यवस्था को पुन: बहाल करने की माँग।
- उपनल कर्मचारी: उपनल कर्मियों के नियमितीकरण और उनकी सेवा संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान।
- नर्सिंग कर्मचारी: नर्सिंग कर्मियों की विभिन्न विभागीय व सेवा संबंधी माँगें।
- युवा व बेरोजगार: प्रदेश में निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया और रोजगार के नए अवसरों का सृजन।
राहुल गांधी ने प्रतिनिधिमंडल की सभी माँगों को बेहद गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि इन सभी विषयों का गहराई से विस्तृत अध्ययन कराया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कर्मचारियों और बेरोजगार युवाओं से जुड़े इन महत्वपूर्ण मुद्दों को कांग्रेस अपने आगामी घोषणा पत्र (मैनिफेस्टो) में प्रमुखता से शामिल करेगी।
इस प्रतिनिधिमंडल में उत्तराखंड बेरोजगार संघ से राम कंडवाल, सुरेश सिंह, नितिन दत्ता, बिट्टू वर्मा; उपनल कर्मचारी संगठन से विनोद गोदियाल, महेश भट्ट, विनय प्रसाद; नर्सिंग कर्मचारी संघ से नवल पुंडीर, राजेंद्र कुकरेती, सीरा बधानी; तथा पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा से बीपी सिंह रावत, वीएस रावत और मनोज अवस्थी शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने उम्मीद जताई कि इस पहल से उनकी वर्षों पुरानी माँगों को अब राष्ट्रीय पहचान और समाधान मिल सकेगा।
