देहरादून में ट्रैफिक और पार्किंग की समस्या होगी दूर, परेड ग्राउंड व गांधी पार्क को मिलाकर बनेगा बड़ा ओपन स्पेस ग्रीन पार्क, सीएस ने दिए निर्देश,,,

देहरादून: राजधानी देहरादून को भविष्य में ट्रैफिक जाम और पार्किंग की बड़ी समस्या से निजात दिलाने के लिए शासन स्तर पर कसरत तेज हो गई है। बुधवार को सचिवालय में मुख्य सचिव (CS) श्री आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें परेड ग्राउंड और सचिवालय परिसर में बनने वाली अंडरग्राउंड पार्किंग के डिजाइनों की समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य सचिव ने शहर के सौंदर्यीकरण और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई अहम दिशा-निर्देश जारी किए।
🟢 बिना पक्के निर्माण के बनेगा विशाल ‘ओपन स्पेस पार्क’
बैठक के दौरान मुख्य सचिव के पूर्व निर्देशों के क्रम में लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय ने परेड ग्राउंड के नीचे बनने वाली अंडरग्राउंड पार्किंग के डिज़ाइन पर एक विस्तृत प्रस्तुतिकरण (Presentation) दिया। इस पर मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि परेड ग्राउंड के नीचे अंडरग्राउंड पार्किंग बनाने के साथ-साथ ऊपर के हिस्से में परेड ग्राउंड और गांधी पार्क को आपस में जोड़ दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस एकीकरण के दौरान कोई भी नया पक्का निर्माण (Concrete Construction) नहीं किया जाएगा, बल्कि इसे एक बड़े ‘ओपन स्पेस ग्रीन पार्क’ के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने सभी स्टेक होल्डर्स (हितधारकों) से अनिवार्य रूप से परामर्श (Consultation) करने के निर्देश दिए ताकि इसे एक कम्पलीट पैकेज के रूप में तैयार किया जा सके।
🟢 क्षमता बढ़ाने के लिए बनेगी ‘डबल बेसमेंट’ पार्किंग
शहर की भविष्य की जरूरतों को देखते हुए मुख्य सचिव ने पार्किंग स्पेस को अधिकतम करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि क्षमता बढ़ाने के लिए ज़रूरत पड़ने पर डबल बेसमेंट पार्किंग का निर्माण किया जा सकता है। इसके अलावा, सुरक्षा और जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग एरिया से बाहर निकलने (Exit) और प्रवेश करने (Entry) के लिए अधिक से अधिक पॉइंट्स बनाए जाएं। इससे वाहन चालकों को गाड़ी पार्क करने के बाद अपने गंतव्य की ओर जाने में आसानी होगी और आपातकालीन स्थिति में सुरक्षा भी पुख्ता रहेगी।
🟢 सचिवालय में अंडरग्राउंड और राजपुर रोड पर बनेगी एलिवेटेड पार्किंग
परेड ग्राउंड के अलावा बैठक में सचिवालय परिसर के भीतर प्रस्तावित अंडरग्राउंड पार्किंग के डिज़ाइन पर भी प्रस्तुतिकरण दिया गया। मुख्य सचिव ने कहा कि शहर की बढ़ती गाड़ियों और आबादी के दबाव को देखते हुए दीर्घकालिक योजना के तहत पार्किंग क्षमता विकसित की जाए। इसके साथ ही, राजपुर रोड पर ट्रैफिक के दबाव को कम करने के लिए ‘एलिवेटेड पार्किंग’ (Elevated Parking) बनाने का सुझाव भी सामने आया, जिस पर मुख्य सचिव ने अधिकारियों को जल्द से जल्द डिज़ाइन तैयार कर प्रस्तुतिकरण देने के निर्देश दिए हैं।
🟢 बैठक में ये वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण उच्च स्तरीय बैठक में मुख्य सचिव के साथ सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार, पीडब्ल्यूडी सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) के उपाध्यक्ष श्री बंशीधर तिवारी और मुख्य विकास अधिकारी (CDO) देहरादून श्री अभिनव शाह सहित संबंधित विभागों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे।
