उत्तराखंड में रोपवे कनेक्टिविटी को मिलेगी रफ्तार, मुख्य सचिव ने की समीक्षा, ब्रिडकुल में बनेगी रेगुलेटरी बॉडी,,,

देहरादून: उत्तराखंड में दुर्गम तीर्थ स्थलों और पर्यटन केंद्रों को सुलभ बनाने के लिए राज्य सरकार ने रोपवे परियोजनाओं की गति बढ़ा दी है। मंगलवार को मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन ने प्रदेश के महत्वपूर्ण रोपवे प्रोजेक्ट्स की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि रोपवे निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ब्रिडकुल (BRIDCUL) नियामक प्राधिकरण (Regulatory Body) के रूप में कार्य करेगा।
जागेश्वर धाम में बनेगा रोपवे, प्राथमिकता तय करेगी उप-समिति
मुख्य सचिव ने ‘जागेश्वर धाम मास्टर प्लान’ में रोपवे परियोजना को अनिवार्य रूप से शामिल करने के निर्देश दिए। साथ ही, प्रदेश में प्रस्तावित विभिन्न रोपवे प्रोजेक्ट्स की प्राथमिकता निर्धारित करने के लिए एक उच्च स्तरीय उप-समिति का गठन किया गया है।
- अध्यक्षता: प्रमुख सचिव नियोजन।
- सदस्य: सचिव पर्यटन, आवास, लोक निर्माण विभाग एवं नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण। यह समिति शहर की आवश्यकता और पर्यटन विभाग व स्थानीय प्रशासन के सुझावों के आधार पर परियोजनाओं को वरीयता क्रम में रखेगी।
मसूरी और केदारनाथ रोपवे पर विशेष फोकस
बैठक में लंबित अड़चनों को दूर करने के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए:
- मसूरी रोपवे: लोअर टर्मिनल के पास सार्वजनिक सड़क मार्ग से संबंधित विवाद को तीन दिन के भीतर सुलझाने के निर्देश दिए गए हैं।
- केदारनाथ रोपवे: लोजिस्टिक्स ‘ड्राई रन’ के माध्यम से असुरक्षित स्थानों को चिन्हित कर तत्काल सुधारीकरण कार्य शुरू करने को कहा गया है। साथ ही लोअर टर्मिनल पर पार्किंग और कुंड ब्रिज व नए बाईपास का निर्माण समय से पूर्ण करने की हिदायत दी गई।
- हेमकुंड साहिब रोपवे: इस परियोजना का एलओए (LOA) जारी हो चुका है और वर्तमान में भूमि सर्वेक्षण का कार्य प्रगति पर है।
समयबद्धता के लिए ‘पर्ट चार्ट’ अनिवार्य
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे के लिए एक पर्ट चार्ट (PERT Chart) तैयार किया जाए। इस चार्ट के माध्यम से कार्यों की समयसीमा और प्रगति की निरंतर निगरानी की जाएगी ताकि परियोजनाओं में किसी भी प्रकार का विलंब न हो।
अद्यतन स्थिति
बैठक में जानकारी दी गई कि केदारनाथ रोपवे का एग्रीमेंट साइन हो चुका है और लिडार (LiDAR) सर्वे का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। स्टेशनों और टावर्स के लिए टोपोग्राफी सर्वे का काम तेजी से चल रहा है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय और डॉ. आर. राजेश कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
