उत्तराखंड हरिद्वार में अर्धकुंभ की तैयारी तेज, 500 नई लाइटों से जगमग होंगे घाट और प्रमुख मार्ग-दीपक गोस्वामी- उप नगर आयुक्त, हरिद्वार

हरिद्वार। अर्धकुंभ को दिव्य और भव्य बनाने की दिशा में नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए करीब 500 नई लाइटें लगाने की योजना बनाई गई है, जिनमें 400 एलईडी स्ट्रीट लाइट और 100 सोलर लाइट शामिल होंगी।
नगर निगम के अनुसार गंगा घाटों, मुख्य मार्गों, पार्कों और प्रमुख चौराहों पर इन लाइटों को लगाया जाएगा। खास तौर पर सोलर लाइटें उन स्थानों पर स्थापित होंगी जहां बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका रहती है या लाइन पहुंचाना कठिन है। इससे बिजली कटौती के दौरान भी रोशनी बनी रहेगी।
अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान में कई क्षेत्रों में पर्याप्त रोशनी न होने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को रात में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अर्धकुंभ के दौरान बड़ी संख्या में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह योजना तैयार की गई है।
उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी ने बताया कि परियोजना की डीपीआर शासन को भेज दी गई है। स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर कार्य तेजी से कराया जाएगा, ताकि अर्धकुंभ से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी की जा सकें।
उन्होंने कहा कि बेहतर प्रकाश व्यवस्था से न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी और रात में आवाजाही अधिक सुरक्षित हो सकेगी- दीपक गोस्वामी, उप नगर आयुक्त, नगर निगम हरिद्वार
