उत्तराखंड के लक्सर में विधायक निधि सड़क घोटाला, कम बनी सड़क और उठा लिया पूरा भुगतान, सीडीओ ने तीन अधिकारियों को थमाया कारण बताओ नोटिस,,,

लक्सर (हरिद्वार): हरिद्वार जिले के लक्सर विधानसभा क्षेत्र में विधायक निधि से कराए गए सड़क निर्माण कार्य में भारी वित्तीय अनियमितता और सरकारी धन के दुरुपयोग का गंभीर मामला सामने आया है। मुख्य विकास अधिकारी (CDO) डॉ. ललित नारायण मिश्र द्वारा कराई गई एक उच्च स्तरीय जांच में स्वीकृत लंबाई और मौके पर बनी वास्तविक सड़क में भारी अंतर पाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीडीओ ने तत्कालीन प्रभारी बीडीओ सहित तीन जिम्मेदार अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
यह पूरा मामला ग्राम दरगाहपुर का है, जहाँ के निवासी कपिल कुमार ने जून 2025 में जनसुनवाई के दौरान एक शिकायती पत्र सौंपा था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि विधायक निधि से चन्द्रपाल सैनी के घर से राहुल कुमार सैनी के घर तक सीसी सड़क (CC Road) निर्माण की स्वीकृति मिलने के बावजूद मौके पर काम नहीं कराया गया और बजट की बंदरबांट कर ली गई।
🔴 जांच में खुली पोल, 35.50 मीटर कम मिली सड़क
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ ने जून 2026 में एक संयुक्त जांच टीम का गठन किया था। टीम द्वारा 30 जून 2026 को सौंपी गई जांच रिपोर्ट में शिकायत पूरी तरह सही पाई गई। जांच के दौरान दो मुख्य गड़बड़ियां सामने आईं:
- गलत दिशा में निर्माण: ग्रामीणों के अनुसार, जिस स्वीकृत स्थल पर सड़क बनाई जानी थी, वहाँ निर्माण न कराकर सड़क को किसी दूसरी दिशा में बना दिया गया।
- लंबाई में भारी हेरफेर: सरकारी अभिलेखों और माप पुस्तिका (MB) में दो निर्माण कार्यों की कुल लंबाई 205.50 मीटर दर्ज कर पूरा भुगतान उठा लिया गया, जबकि संयुक्त पैमाइश के दौरान मौके पर वास्तविक लंबाई केवल 170 मीटर ही मिली। इस तरह करीब 35.50 मीटर सड़क केवल कागजों में ही सिमट कर रह गई, जो सीधे तौर पर बड़े वित्तीय घोटाले की ओर इशारा करता है।
🔴 कार्यदायी संस्था लक्सर ब्लॉक के इन अधिकारियों पर गिरी गाज
इस मामले में कार्यदायी संस्था लक्सर ब्लॉक है। पूरी तरह भुगतान लेने और मौके पर काम कम मिलने के बाद सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र ने तत्कालीन एवं वर्तमान जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। नोटिस पाने वाले अधिकारियों में शामिल हैं:
-
- पवन सिंह सैनी (तत्कालीन प्रभारी खंड विकास अधिकारी)
- संदीप कुमार (तत्कालीन अपर सहायक अभियंता)
- राजीव कुमार त्रिपाठी (तत्कालीन लेखाकार)
”दरगाहपुर निवासी कपिल कुमार की शिकायत पर कराई गई जांच में पाया गया है कि सड़क कम बनाई गई और भुगतान पूरा लिया गया। इस घोर लापरवाही और वित्तीय अनियमितता को लेकर लक्सर ब्लॉक के संबंधित अधिशासी अभियंता/बीडीओ, अपर सहायक अभियंता और लेखाकार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। नोटिस का जवाब प्राप्त होने के बाद आगे की सख्त दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”- डॉ. ललित नारायण मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ), हरिद्वार
🔴 जवाब न मिलने पर होगी कानूनी कार्रवाई
सीडीओ कार्यालय द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे अभिलेखीय साक्ष्यों के साथ जल्द से जल्द अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। आदेश में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समय के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो यह मान लिया जाएगा कि उन्हें अपने बचाव में कुछ नहीं कहना है, जिसके बाद उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर दंडात्मक एवं कानूनी (एफआईआर) कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
