उत्तराखंड हरिद्वार में हुआ भीषण सड़क हादसा, कार- बाइक की टक्कर में युवक की मौत, पत्नी और दो साल की मासूम बेटी घायल,,,,

हरिद्वार: श्यामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत 4.2 फ्लाईओवर पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कार और मोटरसाइकिल के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में बाइक सवार एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि उनकी पत्नी और दो वर्षीय बेटी घायल हो गईं।
🔴 नजीबाबाद जाते समय हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मुनीर (30 वर्ष), पुत्र आशिक, निवासी सराय गांव (कोतवाली ज्वालापुर, हरिद्वार) के रूप में हुई है। मुनीर अपनी पत्नी इकरा (21 वर्ष) और दो साल की बेटी अहनिया के साथ बाइक पर सवार होकर हरिद्वार से नजीबाबाद की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नजीबाबाद की तरफ से हरिद्वार आ रही एक बलेनो कार से 4.2 फ्लाईओवर पर उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
🔴 अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
घटना की सूचना मिलते ही श्यामपुर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बिना देरी के 108 एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में उपचार के दौरान डॉक्टरों ने बाइक चालक मुनीर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनकी पत्नी इकरा और मासूम बेटी अहनिया को सामान्य चोटें आई हैं, जिनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है और दोनों सुरक्षित हैं।
🟢 यातायात सुचारु, वैधानिक कार्रवाई जारी
हादसे के बाद मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर मार्ग से हटाया और यातायात सुचारु कराया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है और उपनिरीक्षक रविंद्र गौड़ द्वारा पंचनामा भरने की कार्रवाई की जा रही है।
🟢 मामले पर थाना प्रभारी का बयान
“दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।”– नितेश शर्मा, श्यामपुर थाना प्रभारी
