हरिद्वार में हुआ भीषण सड़क हादसा, फ्लाईओवर पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई स्कूटी, दादा – दादी सहित 5 साल के पोते की हादसे में हुई दर्दनाक मौत,,,,

हरिद्वार: जनपद के श्यामपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। हाईवे पर सड़क किनारे खड़ी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से स्कूटी की भीषण टक्कर होने के कारण एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में हरकी पैड़ी के व्यापारी, उनकी पत्नी और उनका 5 वर्षीय पोता शामिल है। इस हादसे के बाद से पीड़ित परिवार और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
🔴 दुकान बंद कर घर लौट रहा था परिवार
मिली जानकारी के अनुसार, 52 वर्षीय वीर सिंह अपनी पत्नी मंजू देवी (50 वर्ष) के साथ हरकी पैड़ी पर दुकान चलाते थे। उनका पांच वर्षीय पोता शिवा सिंह भी उन्हीं के साथ रहता था। मंगलवार रात को भी तीनों रोजाना की तरह दुकान बंद कर स्कूटी से हरिद्वार से अपने गांव गाजीवाली की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान श्यामपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले फ्लाईओवर पर उनकी स्कूटी आगे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पिछले हिस्से से अनियंत्रित होकर टकरा गई।
🔴 अंधेरा और लापरवाही बनी काल
बताया जा रहा है कि इस हादसे से कुछ देर पहले ही उक्त तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक अन्य स्कूटी को टक्कर मारी थी। उस घटना में स्कूटी सवार तो सुरक्षित बच गया, लेकिन ट्रैक्टर चालक डर के मारे फ्लाईओवर के किनारे आधी सड़क घेरकर ट्रैक्टर-ट्रॉली को वहीं छोड़ अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
फ्लाईओवर पर स्ट्रीट लाइटें न जलने के कारण वहां घना अंधेरा था, जिसके चलते वीर सिंह को सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली दिखाई नहीं दी और यह भीषण टक्कर हो गई। इस घटना के बाद नेशनल हाईवे (NH) प्रशासन की कार्यप्रणाली और फ्लाईओवर पर रोशनी की व्यवस्था न होने को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सीओ ने अपने वाहन से घायलों को पहुंचाया अस्पताल (हादसे) की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) अवनि तिवारी तुरंत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने बिना वक्त गंवाए तीनों गंभीर रूप से घायल पीड़ितों को अपने ही सरकारी वाहन से तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
🔴 पुलिस का बयान

“हादसे की जानकारी मिलते ही हम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है और मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है।” अवनि तिवारी, सीओ
