हरिद्वार कांवड़ यात्रा 2026, एक्सप्रेसवे पर कांवड़ियों की नो-एंट्री, मार्ग पर बंद रहेंगी मीट की दुकानें, शराब ठेकों पर लगी यह पाबंदी,,,,

मेरठ। आगामी कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। तैयारियों की समीक्षा को लेकर मेरठ जोन के सभागार में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में एडीजी भानु भास्कर, एडीजी (यातायात) ए. सतीश गणेश और एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) अमिताभ यश ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जोन के आला अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में स्पष्ट किया गया है कि इस बार कांवड़ यात्रा केवल अपने पारंपरिक और पुराने निर्धारित मार्गों से ही गुजरेगी। आम जनता की सुविधा के लिए गंगा एक्सप्रेसवे और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को पूरी तरह खुला रखा जाएगा और इन पर कांवड़ियों का चलना प्रतिबंधित रहेगा।
🔴 कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश
अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि यात्रा के दौरान माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले शरारती तत्वों से सख्ती से निपटा जाए। सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए निम्नलिखित कदम उठाए जाएंगे:
- सादे कपड़ों में तैनाती: कांवड़ मार्गों पर सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात रहकर पल-पल की गतिविधि पर नजर रखेंगे।
- CCTV से निगरानी: पूरे यात्रा मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था को पहले से ज्यादा दुरुस्त और हाई-टेक किया जाएगा।
- संवेदनशील इलाकों पर फोकस: जिन क्षेत्रों में पूर्व में घटनाएं हो चुकी हैं, वहां अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे।
🔴 मीट की दुकानें बंद, शराब ठेकों पर रहेंगे पर्दे

यात्रा की पवित्रता और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है:
- कांवड़ मार्ग पर आने वाली सभी मीट और मांस की दुकानें पूरी तरह बंद रखी जाएंगी।
- मार्ग में पड़ने वाले शराबा के ठेकों के आगे पर्दे लगाए जाएंगे ताकि वे सीधे दिखाई न दें।
🟢 रूट डायवर्जन और यातायात प्रबंधन
इस वर्ष पिछले सालों की तुलना में कांवड़ियों की संख्या में भारी इजाफे की उम्मीद जताई जा रही है। इसे देखते हुए:
-
- यातायात पुलिस को समय रहते रूट डायवर्जन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि आम जनता को असुविधा न हो।
- कांवड़ शिविरों और प्रमुख मंदिरों (जैसे पुरा महादेव मंदिर और औघड़नाथ मंदिर) के आसपास पार्किंग एरिया का दायरा बढ़ाया जाएगा।
- हादसों को रोकने के लिए नियमों के मुताबिक ही डाक कांवड़ और डीजे कांवड़ की अनुमति होगी। इसके लिए डीजे संचालकों और मंदिर समितियों के साथ बैठकें शुरू कर दी गई हैं।
🟢 बैठक में शामिल प्रमुख अधिकारी
इस उच्च स्तरीय बैठक में डीआईजी कलानिधि नैथानी ने रूट मैप प्लान के जरिए उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और गाजियाबाद जाने वाले मार्गों की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में मेरठ कमिश्नर भानु चंद्र गोस्वामी, डीएम डॉ. वीके सिंह, एसएसपी अविनाश पांडेय सहित मेरठ और सहारनपुर के आरटीओ भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
