उत्तराखंड अर्धकुंभ 2027 के सौंदर्यीकरण व सुविधाओं का मेलाधिकारी सोनिका ने स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए त्वरित कार्य के निर्देश,,,

हरिद्वार। हरिद्वार में मेलाधिकारी सोनिका ने शुक्रवार को कुंभ मेला 2027 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए शहर के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया और चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान उन्होंने कनखल स्थित ऐतिहासिक झंडा चौक के सौंदर्यीकरण कार्य में तेजी लाने को कहा. चंडी चौक को कुंभ नगरी में प्रवेश का प्रमुख केंद्र बताते हुए वहाँ नंदी की आकर्षक प्रतिमा स्थापित करने पर विचार किया गया, जिसके सुधार का कार्य राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा किया जाएगा.

इसके साथ ही, मेलाधिकारी ने देवपुरा, ऋषिकुल, रेलवे स्टेशन मार्ग और शिव मूर्ति चौक का भी निरीक्षण किया तथा व्यस्त इलाकों में फुटपाथों के निर्माण, छोटी पार्किंग विकसित करने और यात्रियों के लिए शेड बनाने के निर्देश दिए. एचआरडीए और नगर निगम को सौंदर्यीकरण के कार्य सौंपे गए हैं, जिसमें फ्लाईओवर पर वॉल पेंटिंग और फसाड कार्य शामिल हैं. सड़कों के किनारे यूपीसीएल की संरचनाओं को व्यवस्थित करने और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई निरंतर जारी रखने पर जोर दिया गया. मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ मेला बजट से होने वाले स्थायी प्रकृति के कार्य आने वाले वर्षों तक अपनी दृश्यता और पहचान बनाए रखें, इसके लिए सभी को निगरानी करनी होगी.
