देहरादून वकील हत्याकांड, नशे की लत और 10 लाख के विवाद में छोटे भाई ने की थी बड़े भाई की हत्या, उत्तराखंड पुलिस ने 10 घंटे में किया खुलासा,,,

देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र के भुड्डी गांव में हुए सनसनीखेज वकील हत्याकांड का पुलिस ने महज 10 घंटों के भीतर पटाक्षेप कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रमेंद्र डोबाल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मृतक वकील सोहेल हसन की हत्या किसी बाहरी बदमाश ने नहीं, बल्कि उसके सगे छोटे भाई शाहिद हसन (21 वर्ष) ने ही की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आलाकत्ल बरामद कर लिया है।
🔴 पिता के खाते से उड़ाए थे ₹10 लाख, बड़े भाई ने की थी पिटाई
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी शाहिद हसन नशे की लत और अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए अक्सर परिवार से पैसे मांगता था। सोहेल हसन (वकील) उसे उसकी गलत आदतों के लिए टोकता रहता था। हाल ही में, माता-पिता के हज पर जाने के बाद आरोपी शाहिद ने पिता के बैंक खाते से एटीएम के जरिए करीब 10 लाख रुपये उड़ा दिए थे। इस बात को लेकर दोनों भाइयों में भारी विवाद हुआ और बड़े भाई सोहेल ने शाहिद की पिटाई कर दी थी। इसी पिटाई और डांट से क्षुब्ध होकर शाहिद ने बड़े भाई को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
🔴 दो दिन पहले बंद की CCTV रिकॉर्डिंग, बाथरूम में छिपाई पिस्टल
शातिर आरोपी शाहिद ने हत्या से दो दिन पहले ही घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग बंद कर दी थी। 14 जून 2026 की रात को मौका पाकर उसने अपने पास रखी .32 बोर की देसी पिस्टल से सोहेल को गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने पिस्टल को घर के ही बाथरूम में छिपा दिया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
🔴 हाईवे जाम कर पुलिस को गुमराह करने की रची साजिश
हत्याकांड के बाद आरोपी ने पुलिस और ग्रामीणों को गुमराह करने के लिए कहानी गढ़ी कि किसी अज्ञात बदमाश ने घर में घुसकर सोहेल को गोली मारी है। यही नहीं, शक की सुई खुद से भटकाने के लिए शाहिद ने ग्रामीणों के साथ मिलकर सोहेल के शव को देहरादून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग (National Highway) पर रखकर प्रदर्शन किया और हाईवे जाम करने की कोशिश की।
🟢 SSP प्रमेंद्र डोबाल का बयान
“घर के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश नहीं पाया गया। जब संदिग्ध दिख रहे छोटे भाई शाहिद से सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। हाईवे जाम कर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले प्रदर्शनकारियों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।”
