उत्तराखंड के हरिद्वार में रेलवे ट्रैक पर गिरा विशालकाय पेड़, देहरादून-ऋषिकेश रेलमार्ग बाधित, लोको पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा,,,
हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां शनिवार दोपहर हुई तेज बारिश के कारण भीमगोड़ा कुंड के पास रेलवे ट्रैक पर एक विशालकाय पेड़ धराशाई होकर गिर गया। इस घटना की चपेट में एक हाईटेंशन बिजली लाइन भी आ गई, जिससे हरिद्वार-देहरादून-ऋषिकेश रेलमार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है।
लोको पायलट की सूझबूझ से बची ट्रेन
घटनास्थल पर एक ट्रेन के पहुंचने की सूचना थी, लेकिन समय रहते लोको पायलट ने असाधारण सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए ट्रेन को पहले ही सुरक्षित रूप से रोक लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
आधा दर्जन ट्रेनों का संचालन प्रभावित
पेड़ गिरने और हाईटेंशन लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण इस मार्ग पर चलने वाली करीब आधा दर्जन ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एहतियातन इस रेलखंड पर ट्रेनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी है। कुछ ट्रेनों को बीच रास्ते में ही रोकना पड़ा है, जबकि कई ट्रेनों के संचालन में देरी हुई है।
युद्धस्तर पर राहत और बहाली कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और संबंधित विभागों की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। उच्चाधिकारियों की देखरेख में युद्धस्तर पर ट्रैक से पेड़ हटाने और हाईटेंशन लाइन को सुरक्षित करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और ट्रैक को जल्द से जल्द पूरी तरह सुरक्षित कर रेल यातायात सामान्य करने के प्रयास जारी हैं। ट्रैक के पूरी तरह सुरक्षित घोषित होने के बाद ही इस मार्ग पर ट्रेनों का संचालन दोबारा बहाल किया जाएगा।

