उत्तराखंड हरिद्वार, एआई ऐप से सुलभ होंगी सरकारी योजनाएं, सीएम धामी ने देखा लाइव प्रदर्शन, यह अधिकारी रहे मौजूद,,,

हरिद्वार। आम जनता तक सरकारी योजनाओं की जानकारी सरल, सुलभ और त्वरित रूप से पहुंचाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) के सभागार में विभिन्न विभागों द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित मोबाइल ऐप और पोर्टल का प्रदर्शन किया गया। इस नई तकनीक के माध्यम से नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने और उनका लाभ उठाने में काफी आसानी होगी।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि एआई तकनीक शासन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और जनसुलभ बनाने में अहम भूमिका निभाएगी, जिससे आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सकेगा।

इस अवसर पर मेलाधिकारी सोनिका ने मुख्यमंत्री को आगामी कुंभ मेले की तैयारियों और क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने कुंभ मेले की तैयारियों की समीक्षा भी की। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक मेला योगेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेला आयुष अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
