उत्तराखंड के हल्द्वानी में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म करने वाले छात्र नेता सहित चार को किया गिरफ्तार,,,,

हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र के एक होटल में 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने छात्र नेता समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में एमबीपीजी कॉलेज के छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद के एबीवीपी प्रत्याशी रहे धीरज बिष्ट, उसके साथी हिमांशु गोनी तथा किशोरी के परिचित अंश खत्री और नितिन पाल शामिल हैं।
पीड़िता द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 12 नवंबर की सुबह करीब चार बजे वह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकली थी। रास्ते में उसे परिचित अंश खत्री और नितिन पाल मिले, जो घूमने के बहाने उसे बहलाकर बहेड़ी ले गए और वापस लाकर छड़ायल के पास छोड़ दिया। वहां आरोपी हिमांशु गोनी पहले से मौजूद था, जो किशोरी को कुछ खिलाने के बहाने सिटी सेंटर लाया और छात्र नेता धीरज बिष्ट को बुला लिया। आरोप है कि इसके बाद दोनों उसे मुखानी क्षेत्र स्थित त्रिशूल होम स्टे ले गए और डरा-धमकाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसी बीच अंश और नितिन भी वहां पहुंच गए और उन्होंने भी किशोरी को चुप रहने की धमकी दी।

दूसरी ओर, बेटी की तलाश कर रहे परिजन मोबाइल लोकेशन की मदद से उक्त होटल जा पहुंचे। परिजनों को देखकर आरोपी भागने लगे, हालांकि परिजनों ने उनकी बाइक पकड़ ली, लेकिन चारों आरोपी मौके से फरार हो गए। किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने बताया कि चारों आरोपी आईटीआई गैंग के सदस्य हैं, जिनके खिलाफ पॉक्सो एक्ट और सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं में कार्रवाई करते हुए पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा।
