उत्तराखंड हरिद्वार चेक बाउंस मामले में अदालत ने आरोपी को किया दोषमुक्त,,,

रोशनाबाद (हरिद्वार)। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हरिद्वार अविनाश कुमार श्रीवास्तव की अदालत ने परक्राम्य लिखत अधिनियम (NI Act) की धारा 138 से जुड़े एक चेक बाउंस मामले में महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए आरोपी ज्योति जैन को संदेह का लाभ देकर दोषमुक्त कर दिया है।
वादी गंगा विहार, रोशनाबाद निवासी संजय कुमार शर्मा पुत्र जगदीश प्रसाद शर्मा ने न्यायालय में परिवाद दाखिल कर आरोप लगाया था कि वर्ष 2017 में उन्होंने रेस्ट कैंप, देहरादून निवासी ज्योति जैन पत्नी संजीव जैन को विभिन्न माध्यमों से कुल 13 लाख रुपये दिए थे। इसके एवज में 7 जून 2019 को पंजाब नेशनल बैंक, रेस कोर्स, देहरादून का 13 लाख रुपये का चेक दिया गया, जो अपर्याप्त निधि के कारण बाउंस हो गया। विधिक नोटिस भेजने के बाद भी भुगतान न होने पर यह मुकदमा दर्ज कराया गया था।
सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष की ओर से तर्क रखा गया कि अभियुक्ता ने केवल 8 लाख रुपये का ऋण लिया था, जिसकी सुरक्षा के तौर पर खाली चेक दिया गया था। इसके बाद ब्याज सहित लगभग 10 लाख रुपये वापस भी किए जा चुके थे। अपनी जिरह में परिवादी संजय कुमार शर्मा ने भी स्वीकार किया कि वाद दायर होने के बाद अभियुक्ता की ओर से आर्यन जैन के माध्यम से अलग-अलग समय पर लगभग 10 लाख रुपये लौटाए गए हैं।
अदालत ने पत्रावली के अवलोकन में पाया कि परिवादी द्वारा भेजा गया मांगपत्र नोटिस अभियुक्ता को विधिवत रूप से प्राप्त नहीं हुआ था, क्योंकि पावती पर ‘अमन’ नामक किसी अन्य व्यक्ति के हस्ताक्षर थे, जिसे स्वयं परिवादी भी नहीं जानता था। इन तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने ज्योति जैन को संदेह का लाभ देते हुए आरोप मुक्त कर दिया।
