गंगा एक्सप्रेस-वे विस्तार में अमरोहा के 52 गांवों के 950 किसानों से खरीदी जाएगी जमीन, मालिकों को सर्किल रेट से चार गुना अधिक मिलेगा मुआवजा,,,

हरिद्वार/अमरोहा: मेरठ से प्रयागराज तक गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अब इसके विस्तारीकरण की प्रक्रिया तेज हो गई है। अमरोहा से हरिद्वार तक करीब 147 किलोमीटर लंबे प्रस्तावित मार्ग के लिए प्रशासन ने भूमि अधिग्रहण की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचा दी हैं। इस परियोजना के तहत अमरोहा जनपद की दो तहसीलों के 52 गांवों के लगभग 950 किसानों से भूमि खरीदी जाएगी। किसानों को उनकी जमीन के बदले नए सर्किल रेट से चार गुना अधिक मुआवजा दिया जाएगा।
यूपीडा को भेजा गया दर निर्धारण का प्रस्ताव
प्रशासनिक स्तर पर भूमि अधिग्रहण से जुड़ी सभी प्रारंभिक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। जिला विशेष अध्याप्ति अधिकारी करमेंद्र सिंह ने बताया कि जमीनों के गाटों का मिलान करने के साथ-साथ खेतों में खड़ी फसलों, पेड़ों और बिजली के पोलों का सर्वे भी पूरा हो चुका है। मुरादाबाद मंडलायुक्त की संस्तुति के बाद अब जमीनों की दरों के अंतिम निर्धारण के लिए प्रस्ताव उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा), लखनऊ को भेज दिया गया है।
सहमति के आधार पर जल्द शुरू होंगे बैनामे

जनपद में 11 सितंबर से लागू किए गए नए सर्किल रेट के आधार पर ही मुआवजे की गणना की जाएगी। प्रशासन के अनुसार, यूपीडा से दरों को हरी झंडी मिलते ही किसानों की आपसी सहमति के आधार पर जमीन के बैनामे कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इस परियोजना से अमरोहा और हरिद्वार के बीच की दूरी कम होने के साथ-साथ क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को भी बड़ी मजबूती मिलेगी।
इन तहसीलों के गांव होंगे प्रभावित
एक्सप्रेस-वे विस्तारीकरण की जद में जनपद की हसनपुर तहसील के 17 और मंडी धनौरा तहसील के 35 गांव शामिल हैं।
- हसनपुर तहसील (17 गांव): रुखालू, शकरौली, गुलामपुर, भैंसरोली, बाईखेड़ा, लुहारी खादर, सोहरका, दीपपुर, आगापुर कला, मछरई, याकूबपुर, सेमला, बसेरा खुर्द, आलमपुर, आब्दीपुर, कटाई और पूठी।
- मंडी धनौरा तहसील (35 गांव): अटाली मुरीदपुर, मीरपुर, बल्दाना असगरी अली खान, जलालपुर कला, झनकपुरी, बस्तौरा माफी, यकबगड़ी, बस्तौरा, शेखूपुर शुमाली, रायपुर शुमाली, देहरा घनश्याम, नंगलिया बहादरपुर, बैरमपुर भूड़, अफजलपुर लूट, मोहम्मदी माफी, हाशमपुर भूड़, कौराला, होशंगपुर उर्फ कटपुरा, चक कुआखेड़ा, कुआखेड़ा, बाखरपुर माफी, छज्जूपुरा माफी, भटौला शुमाली, टोनिया माफी, हैवतपुर चौधरियान, पेली, बढ़पुरा, खंडसाल, रसौती, वंशगोपाल पुर, डींगरा, पट्टीपारा माफी, पारा खालसा और वालीपुर।
