उत्तराखंड लालढांग रेंज हाथी दांत प्रकरण में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, रेंजर व डिप्टी रेंजर निलंबित, कंप्यूटर ऑपरेटर को भी नोटिस,,,,

कोटद्वार/देहरादून: वन विभाग के लालढांग रेंज स्थित स्टोर से बेशकीमती हाथी दांत गायब होने के सनसनीखेज मामले में विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई को अंजाम दिया है। मामले की जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख (पीसीसीएफ) कपिल लाल ने लालढांग रेंज के प्रभारी रेंज अधिकारी अनुराग जोशी और तत्कालीन मालखाना प्रभारी डिप्टी रेंजर भागवत प्रसाद चंदोला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। गौरतलब है कि इस प्रकरण में विभाग की ओर से पहले ही लालढांग रेंज के वर्तमान मालखाना प्रभारी वन दरोगा वीरेंद्र सिंह को निलंबित किया जा चुका है।
उपनल कर्मी की भूमिका भी संदिग्ध, डीएफओ ने मांगा स्पष्टीकरण

मामले की जांच कर रही समिति ने रेंज कार्यालय में उपनल के माध्यम से तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर हेमंत कुमार की कार्यप्रणाली और भूमिका को भी संदिग्ध माना है। जांच समिति की इस रिपोर्ट के आधार पर प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) तरुण एस की ओर से कंप्यूटर ऑपरेटर हेमंत कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। हालांकि, प्रशासनिक स्तर पर यह भी सामने आया है कि जांच समिति ने उपनल के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों पर सीधे विभागीय कार्रवाई करने के संबंध में कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी नहीं किए हैं, जिसके चलते फिलहाल नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
