उत्तराखंड: बोर्ड परीक्षा उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन शुल्क में 50% बढ़ोतरी की तैयारी, शासन को भेजा गया प्रस्ताव,,,

देहरादून। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद (यूके बोर्ड) की बोर्ड परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाएं जांचने वाले शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर है। बोर्ड ने परीक्षकों के मूल्यांकन पारिश्रमिक में 50 प्रतिशत की वृद्धि का प्रस्ताव तैयार कर शासन की संस्तुति के लिए भेजा है। शासन से अंतिम मंजूरी मिलते ही मूल्यांकन कार्य में जुटने वाले शिक्षकों को बढ़ी हुई दरों पर भुगतान किया जाएगा।
लंबे समय से उठ रही थी पारिश्रमिक बढ़ाने की मांग
वर्तमान व्यवस्था के अनुसार, बोर्ड परीक्षा की उत्तरपुस्तिका जांचने के लिए हाईस्कूल स्तर पर परीक्षक को प्रति कॉपी 10 रुपये और इंटरमीडिएट स्तर पर 14 रुपये का पारिश्रमिक दिया जाता है। शिक्षक संगठन लंबे समय से इस दर को बढ़ाने की मांग कर रहे थे।
स्वीकृति मिलने के बाद यह होंगी नई दरें:
- हाईस्कूल: वर्तमान दर 10 रुपये से बढ़कर 15 रुपये प्रति उत्तरपुस्तिका होगी।
- इंटरमीडिएट: वर्तमान दर 14 रुपये से बढ़कर 21 रुपये प्रति उत्तरपुस्तिका होगी।
परिषद के सचिव विनोद कुमार डोंडियाल ने बताया कि शिक्षकों की लंबे समय से चली आ रही मांग और कार्यभार को ध्यान में रखते हुए 50 फीसदी वृद्धि का प्रस्ताव शासन को प्रेषित किया गया है। शासन स्तर से अनुमोदन प्राप्त होते ही इसे आगामी मूल्यांकन सत्र से लागू किया जाएगा, जिससे प्रदेशभर के शिक्षकों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।
