हरिद्वार सोमवती अमावस्या स्नान, हरिद्वार मेला क्षेत्र 12 जोन और 40 सेक्टरों में विभाजित, सुरक्षा के कड़े प्रबंध, 8 नवंबर की शाम से तैनात होंगे जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट,,,

हरिद्वार। आगामी 9 नवंबर को सोमवती अमावस्या पर होने वाले गंगा स्नान को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने संपूर्ण मेला क्षेत्र को 12 जोन और 40 सेक्टरों में बांट दिया है। देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जोनल, सेक्टर और आरक्षित मजिस्ट्रेटों की तैनाती के आदेश जारी कर दिए हैं। सभी तैनात अधिकारियों की ड्यूटी 8 नवंबर की शाम चार बजे से स्नान पर्व की समाप्ति तक प्रभावी रहेगी।
कंट्रोल रूम 24 घंटे रहेगा सक्रिय, हेल्पलाइन नंबर 7351428593 जारी
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने और हरकी पैड़ी, मालवीय द्वीप, सुभाष घाट, मनसा देवी, चंडी देवी, रोड़ी बेलवाला, शंकराचार्य चौक और सिडकुल समेत संवेदनशील स्थानों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। स्नान पर्व के दौरान भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष फोकस रहेगा। जल पुलिस और अग्निशमन दल को अलर्ट पर रखा गया है। रोशनाबाद स्थित आपदा प्रबंधन कार्यालय में 24 घंटे कंट्रोल रूम संचालित रहेगा, जिसके लिए आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
