उत्तराखंड में फिर से बदलेगा मौसम का मिजाज, 15 और 16 अक्टूबर को बारिश व बर्फबारी का अलर्ट, इस बारिश से पहाड़ों में बढ़ेगी ठंड,,,

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में मौसम की गतिविधियों में व्यापक बदलाव देखने को मिलेगा। 15 अक्टूबर को गढ़वाल मंडल और 16 अक्टूबर को कुमाऊं मंडल में बारिश तथा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जिससे राज्यभर के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट और पहाड़ों में कड़ाके की ठंड की शुरुआत होने के आसार हैं।
मौसम निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर ने जानकारी दी कि 14 अक्टूबर से ही प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसमी गतिविधियों की शुरुआत हो सकती है, जबकि 15 और 16 अक्टूबर को इसका प्रभाव सबसे अधिक रहेगा।
🟢 15 अक्टूबर को गढ़वाल मंडल में येलो अलर्ट, 3,500 मीटर से ऊपर बर्फबारी के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, 15 अक्टूबर को गढ़वाल मंडल के जनपदों में मौसम का सर्वाधिक असर देखने को मिल सकता है। प्रदेश के सभी जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 3,500 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।
विभाग ने 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने तथा गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने का येलो अलर्ट जारी किया है। विशेष रूप से उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और टिहरी जनपदों में तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा सकती है।
🟢 16 अक्टूबर को कुमाऊं मंडल में सक्रिय रहेगा मौसम

16 अक्टूबर को मौसम की सक्रियता कुमाऊं मंडल की ओर केंद्रित रहेगी। नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत, ऊधम सिंह नगर, पिथौरागढ़ सहित चमोली और रुद्रप्रयाग में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है। शेष जनपदों में भी कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। इस दौरान भी 3,500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले शिखरों पर हिमपात जारी रहने की संभावना है, जिससे मैदानी क्षेत्रों में भी ठंडी हवाएं चलेंगी।
🟢 14 से 19 अक्टूबर तक की स्थिति
- 14 अक्टूबर: देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश तथा 3,800 मीटर से अधिक ऊंचाई पर हल्की बर्फबारी हो सकती है। शेष जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।
- 17 व 18 अक्टूबर: उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में छिटपुट हल्की बारिश और 3,800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जारी रह सकती है। बाकी जनपदों में मौसम साफ रहने का अनुमान है।
- 19 अक्टूबर: पूरे राज्य में मौसम पूरी तरह शुष्क और साफ रहने की संभावना है।
🟢 यात्रियों व स्थानीय निवासियों के लिए परामर्श
मौसम में आने वाले इस बदलाव और तापमान में गिरावट को देखते हुए मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों की यात्रा करने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को मौसम के अद्यतन पूर्वानुमान पर नजर रखने तथा पर्याप्त गर्म कपड़ों की व्यवस्था करने की सलाह दी है।
