उत्तराखंड कनखल में जूना अखाड़े की साध्वी रहस्यमय ढंग से लापता, पुलिस और संत समाज में मचा हड़कंप,,,

हरिद्वार: कनखल थाना क्षेत्र के अंतर्गत बैरागी कैंप में निवास करने वाली जूना अखाड़े से जुड़ी एक साध्वी के रहस्यमय परिस्थितियों में गायब होने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन तथा संत समाज में हड़कंप मच गया है। देर रात तक कनखल पुलिस इस मामले में गुमशुदगी दर्ज करने और साध्वी की तलाश की कानूनी प्रक्रिया में जुटी रही।
🔴 अर्द्धकुंभ तैयारियों के दौरान खुला मामला
प्राप्त विस्तृत विवरण के अनुसार, जूना अखाड़े से संबद्ध साध्वी मौली गिरी बैरागी कैंप स्थित अपने आवास पर निवास करती थीं। आगामी अर्द्धकुंभ की तैयारियों और व्यवस्थाओं के सिलसिले में जब मंगलवार को जूना अखाड़े के प्रबंधक उनसे संपर्क साधने और मिलने उनके ठिकाने पर पहुंचे, तो वह वहां मौजूद नहीं थीं।
“अखाड़े के प्रबंधक द्वारा आसपास के स्थानीय निवासियों एवं दुकानदारों से गहन पूछताछ की गई, किंतु साध्वी के संबंध में कोई भी संतोषजनक या ठोस जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी।”
🔴 संत समाज ने लिया जायजा
प्रबंधक द्वारा साध्वी के न मिलने पर तत्काल इसकी सूचना अखाड़े के वरिष्ठ संतों को दी गई। सूचना मिलते ही अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज सहित कई प्रमुख संत तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। संतों ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है।
🔴 कई महीनों से थीं गायब
पड़ताल के दौरान एक अन्य महत्वपूर्ण तथ्य यह भी सामने आया कि साध्वी पिछले कई महीनों से क्षेत्र में स्थानीय लोगों को दिखाई नहीं दी थीं। फिलहाल पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर गहराई से जांच-पड़ताल कर रही है तथा साध्वी का सुराग लगाने का प्रयास जारी है।
