उत्तराखंड मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में सचिव समिति की बैठक सम्पन्न, सुशासन व डिजिटल गवर्नेंस पर विशेष जोर,,,,

देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में सचिव समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास को गति देने के लिए सचिवों एवं जिलाधिकारियों को स्पष्ट एवं प्रभावी दिशा-निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने आगामी भराड़ीसैंण विधानसभा सत्र की तैयारियों को लेकर SOP, कार्यपूर्ति निर्देशिका, सुरक्षा प्रोटोकॉल, सैनिटेशन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने पर विशेष बल दिया।
मुख्य सचिव ने सुशासन, अनुशासन एवं डिजिटल गवर्नेंस को लेकर कड़ा संदेश देते हुए कहा कि किसी भी सरकारी कार्यालय या कार्मिक द्वारा बदसलूकी की शिकायत पर सख्त एनफोर्समेंट कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने राज्य में माननीय प्रधानमंत्री द्वारा किए गए सभी शिलान्यास कार्यों की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। ई-ऑफिस (डिजिटल फाइलिंग) व्यवस्था के बेहतर क्रियान्वयन पर जनपदों की सराहना करते हुए सभी निदेशालयों को डिजिटल प्रगति को और तेज करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में ग्रामीण विकास, प्रवासी समन्वय एवं कृषि नवाचार पर भी विशेष चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने ADOPT A VILLAGE योजना की समीक्षा करते हुए जिन जनपदों में प्रगति धीमी है, वहां गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारियों को जनपदवार प्रवासियों का डाटा तैयार कर उनसे समन्वय स्थापित करने तथा उनके अनुभव, तकनीक एवं कार्य संस्कृति का प्रदेश हित में उपयोग करने को कहा गया। आयुक्त सह सचिव, राजस्व परिषद द्वारा एग्री स्टैग योजना का प्रस्तुतीकरण दिया गया, जिसमें कृषि विकास योजनाओं की प्रगति तेज कर केंद्र से मिलने वाले इंसेंटिव का अधिकतम लाभ उठाने पर जोर दिया गया।
GIS आधारित गवर्नेंस, सतत कृषि एवं अंतर-विभागीय समन्वय को लेकर भी महत्वपूर्ण प्रस्तुतिकरण किए गए। जिलाधिकारी टिहरी द्वारा Using GIS for Fast Tracking Governance विषय पर वर्चुअल प्रस्तुतीकरण दिया गया, जिसमें क्षतिपूरक वृक्षारोपण, फॉरेस्ट लैंड ट्रांसफर एवं भूमि अधिग्रहण मुआवजे के त्वरित निस्तारण की प्रभावी पहल को सराहा गया। वहीं, जिलाधिकारी उधम सिंह नगर ने सतत कृषि एवं जल संरक्षण से जुड़ी प्रेरणादायी पहलों को प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तुत किया।
मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों एवं अंतर-विभागीय समन्वय की प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए पारदर्शिता के साथ कार्यों को शीघ्र पूर्ण किया जाए। बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, प्रमुख सचिव धनंजय चतुर्वेदी, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
