उत्तराखंड मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों की समीक्षा बैठक मे अक्टूबर तक सभी कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश,,,,

हरिद्वार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय स्थित वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली सभागार में कुम्भ मेला-2027, हरिद्वार की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ से संबंधित सभी तैयारियां आगामी अक्टूबर माह तक हर हाल में पूरी की जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेले के लिए किए जा रहे सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण हों तथा उनकी गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन स्तर पर कुंभ से संबंधित कोई भी फाइल लंबित न रहे और कार्यों में देरी होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने सचिव, लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि अगले 24 घंटे के भीतर कुंभ मेला-2027 के लिए तकनीकी पदों पर अधिकारियों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही कुंभ क्षेत्र में बने सभी पुलों का सुरक्षा ऑडिट कराने तथा सभी घाटों का सौंदर्यकरण एवं आवश्यकतानुसार पुनर्निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर की पैड़ी के साथ-साथ अन्य सभी घाटों पर भी श्रद्धालुओं के लिए स्नान की समुचित व्यवस्था की जाए।
मुख्यमंत्री ने मेला क्षेत्र में स्वच्छता को लेकर विस्तृत कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रमुख स्थलों पर पर्याप्त संख्या में शौचालय एवं शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की जाए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, जल पुलिस की तैनाती की जाए तथा ड्रोन, सीसीटीवी कैमरे एवं अन्य आधुनिक उपकरणों का उपयोग किया जाए। साथ ही कानून व्यवस्था, पार्किंग एवं भीड़ प्रबंधन की अलग से विस्तृत योजना तैयार की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ क्षेत्र में विभिन्न अखाड़ों को भूमि आवंटन समय पर किया जाए, जिसकी निगरानी स्वयं मेलाधिकारी करें। सभी अखाड़ों, मठों, संत समाज, संस्थाओं, समितियों एवं स्थानीय लोगों से परस्पर समन्वय स्थापित कर उनके सुझावों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कुंभ क्षेत्र में अतिक्रमण के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाने के निर्देश भी दिए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मुख्यमंत्री ने वन विभाग से संबंधित मामलों में शीघ्र अनुमति लेने तथा अन्य राज्यों के साथ भी समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ से जुड़े सभी विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि धरातल पर भी स्पष्ट रूप से दिखाई देने चाहिए।
मुख्यमंत्री ने आवास, टेंट सिटी की व्यवस्था समय से पूरी करने तथा मेला क्षेत्र में अस्थायी अस्पताल, एम्बुलेंस एवं मोबाइल चिकित्सा दल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “कुंभ मेला हमारी संस्कृति, आस्था और करोड़ों श्रद्धालुओं से जुड़ा एक महान धार्मिक आयोजन है। इस आयोजन को भव्य, दिव्य और सफल बनाना हम सभी का दायित्व है। हमारा प्रयास है कि जो भी श्रद्धालु उत्तराखंड आए, वह यहां से एक सुखद और यादगार अनुभव लेकर जाए।”
बैठक में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, विधायक रेनू बिष्ट, विधायक अनुपमा रावत, विधायक रवि बहादुर, उत्तराखण्ड अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ, प्रमुख सचिव एल. फैनई, श्री आर.के. सुधांशु, सचिव श्री शैलेश बगौली, सचिव श्री नितेश झा, कुंभ मेलाधिकारी सोनिका सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
