उत्तराखंड हरिद्वार की ‘हॉट सीट’ पर मदन कौशिक का पलड़ा भारी, नए चेहरों पर दांव लगाने का जोखिम बढ़ा सकती है पार्टी की मुश्किल,,,

हरिद्वार। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के साथ ही धर्मनगरी हरिद्वार की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। हाल ही में भारतीय जनता पार्टी के चुनाव पर्यवेक्षक नरेश बंसल की समीक्षा बैठक में हरिद्वार नगर सीट से वर्तमान विधायक और कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक सहित कुल 9 नेताओं ने टिकट के लिए अपनी दावेदारी पेश की है। हालांकि, प्रदेश के बदलते राजनीतिक समीकरणों, हालिया विवादों और जमीनी हकीकत को देखते हुए सियासी गलियारों में इस बात की प्रबल चर्चा है कि पार्टी हाईकमान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लिए इस ‘हॉट सीट’ पर मदन कौशिक का विकल्प तलाशना आसान नहीं होगा।
प्रदेश की गरमाती सियासत और सरकार की साख का सवाल


वर्तमान समय में उत्तराखंड की राजनीति कई संवेदनशील और चर्चित मुद्दों के इर्द-गिर्द घूम रही है। एक ओर जहां अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े नए घटनाक्रम, कथित ऑडियो और नार्को टेस्ट की चर्चाओं ने विपक्ष को सरकार पर हमलावर होने का मौका दिया है, वहीं पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौड़ और अभिनेत्री उर्मिला सनावर के विवाद में बड़े नेताओं के नाम उछलने से पार्टी की छवि को लेकर भी राजनीतिक हलकों में बहस तेज है। इन तमाम चुनौतियों के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सामने न केवल अपनी सरकार की साख बचाने की चुनौती है, बल्कि 2027 में प्रदेश की अधिक से अधिक सीटें जीतकर सत्ता में वापसी का संकल्प भी है।
हरिद्वार सीट का इतिहास: केवल ‘सिंबल’ के भरोसे जीत मुश्किल

हरिद्वार नगर विधानसभा सीट का चुनावी इतिहास गवाह रहा है कि यहां मुकाबला हमेशा कांटे का और हाई-वोल्टेज होता है।
- लगातार पांच बार के विजेता: मदन कौशिक वर्ष 2002 से लगातार पांच बार (2002, 2007, 2012, 2017 और 2022) इस सीट से विधायक चुने जा रहे हैं।
- कड़ी टक्कर का रिकॉर्ड: वर्ष 2012 और 2022 के चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल ब्रह्मचारी ने उन्हें कड़ी चुनौती दी थी। यह सीट ऐसी मानी जाती है जहां केवल पार्टी के चुनाव चिह्न (सिंबल) के भरोसे किसी नए चेहरे को उतारकर जीत सुनिश्चित करना जोखिम भरा साबित हो सकता है।
दावेदारों की लंबी कतार, पर जमीनी पकड़ का अभाव

पर्यवेक्षक नरेश बंसल के सामने हरिद्वार सीट से पूर्व मेयर मनोज गर्ग, डॉ. विशाल गर्ग, कन्हैया खेवड़िया, उज्ज्वल पंडित, नितिन गौतम, अनिल अरोड़ा, संजय सहगल और जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा सहित 9 नेताओं ने टिकट की दावेदारी रखी है। टिकट मांगना लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मदन कौशिक के सामने दावेदारी पेश करने वाले अधिकांश नेताओं की पूरे विधानसभा क्षेत्र में वैसी सर्वव्यापी पकड़ और व्यक्तिगत जनाधार नहीं है, जैसा कि पांच बार के विधायक और कैबिनेट मंत्री के रूप में मदन कौशिक ने पिछले दो दशकों में तैयार किया है।
मुख्यमंत्री धामी और आलाकमान के सामने बड़ा फैसला
भाजपा नेतृत्व के सामने अब सबसे बड़ा यक्ष प्रश्न यह है कि वह हरिद्वार की इस प्रतिष्ठित सीट पर क्या रणनीति अपनाता है। वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में, जब विपक्ष हर छोटे-बड़े विवाद को भुनाने की फिराक में है, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय नेतृत्व किसी नए चेहरे पर दांव खेलकर ‘जीती-जिताई’ सीट पर रिस्क लेना मुश्किल नजर आता है। संगठनात्मक अनुभव, कैबिनेट मंत्री के रूप में सक्रियता और स्थानीय समीकरणों पर मजबूत पकड़ के चलते मदन कौशिक का टिकट फिर इस सीट से लगभग तय माना जा रहा है।

