उत्तराखंड के हरिद्वार में हुआ बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, जिलाधिकारी ने बदले कई उपजिलाधिकारियों के दायित्व, जितेंद्र कुमार बने नए एडीएम,,,,
हरिद्वार। जनपद प्रशासन को अधिक गतिशील और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने प्रशासनिक अमले में बड़ा फेरबदल किया है। शासन स्तर पर हाल ही में हुए तबादलों और पदोन्नतियों के मद्देनजर जिलाधिकारी ने कई उपजिलाधिकारियों (SDM) और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यक्षेत्रों में आंशिक संशोधन करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। यह सभी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
मुख्य प्रशासनिक बदलाव एक नजर में:
- अपर जिलाधिकारी (प्रशासन): अपर जिलाधिकारी प्रशासन पी.आर. चौहान को अपर जिलाधिकारी पौड़ी के पद के लिए कार्यमुक्त कर दिया गया है। उनके स्थान पर उपजिलाधिकारी पद से पदोन्नत हुए जितेन्द्र कुमार ने हरिद्वार के नए अपर जिलाधिकारी प्रशासन का पदभार ग्रहण कर लिया है।
- नगर मजिस्ट्रेट का अतिरिक्त प्रभार: डिप्टी कलेक्टर मुख्यालय हरगिरि को नगर मजिस्ट्रेट (सिटी मजिस्ट्रेट) का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। इसके साथ ही उन्हें अपर उपजिलाधिकारी रुड़की के पदभार से मुक्त कर दिया गया है।
- रुड़की का अतिरिक्त जिम्मा: उपजिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी को अब अपने वर्तमान कर्तव्यों के साथ-साथ अपर उपजिलाधिकारी रुड़की का अतिरिक्त प्रभार भी सौंप दिया गया है।
- हरिद्वार के नए एसडीएम: देहरादून से स्थानांतरित होकर हरिद्वार पहुंचे योगेश सिंह मेहरा को उपजिलाधिकारी हरिद्वार के महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया गया है।
आगामी आयोजनों के लिहाज से नियुक्तियां अहम
प्रशासनिक हलकों का मानना है कि हरिद्वार में आगामी समय में होने वाले बड़े प्रशासनिक और धार्मिक आयोजनों की संवेदनशीलता को देखते हुए यह फेरबदल बेहद अहम है। विशेषकर एसडीएम हरिद्वार के पद पर योगेश सिंह मेहरा की नियुक्ति को रणनीतिक माना जा रहा है।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने नए दायित्वों को तत्काल प्रभाव से संभालते हुए कार्य शुरू करें, ताकि जनहित और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार का व्यवधान न आए।

