उत्तराखंड महिला मित्र ने ही दी थी बैंककर्मी की हत्या की सुपारी, शिमला बाईपास पर पुलिस मुठभेड़ में मुख्य हमलावर घायल और दूसरा फरार,,,,

देहरादून: बैंककर्मी सत्यम चौहान को गोली मारने के मामले में पुलिस की शुक्रवार रात शिमला बाईपास पर बदमाशों से जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से एक हमलावर घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा। इस सनसनीखेज मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि सत्यम की पूर्व महिला मित्र ने ही उसे रास्ते से हटाने के लिए पांच लाख रुपये की सुपारी दी थी।
🔴 दस लाख में तय हुआ था सौदा, मिले थे मात्र 1.20 लाख रुपये
- मुख्य हमलावर अंकित ने सत्यम को मारने के लिए 10 लाख रुपये की मांग की थी, लेकिन बाद में पांच लाख रुपये में सौदा तय हुआ था।
- इस साजिश में शामिल सत्यम की पूर्व महिला मित्र ने एडवांस के रूप में केवल 1.20 लाख रुपये ही दिए थे।
- शुक्रवार को आरोपी अंकित चौहान बाकी की रकम लेने के लिए ही देहरादून आया था, जिसे युवती ने आईएसबीटी के पास एक खाली प्लॉट में मिलने के लिए बुलाया था।
🔴 आठ सितंबर को दिया गया था वारदात को अंजाम
मूल रूप से नगीना (बिजनौर) का रहने वाला सत्यम चौहान आठ सितंबर को बडोवाला में अपनी बहन के साथ किराये के घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक बाइक पर सवार दो युवकों ने उसे रोका और पेट के पास गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
🔴 शिमला बाईपास पर मुठभेड़ और गिरफ्तारी

शुक्रवार रात को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश देहरादून आ रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने शिमला बाईपास पर चेकिंग शुरू की। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में लक्सर निवासी आरोपी अंकित चौहान घायल हो गया। पुलिस उसके फरार साथी अंकुर की तलाश में जुटी हुई है।
