उत्तराखंड रुद्रप्रयाग में मौसम बदलने से बढ़ी ठंड, केदारनाथ की पहाड़ियों पर बर्फबारी, बारिश से 14 मार्ग अवरुद्ध,,,,

रुद्रप्रयाग। जिले में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। केदारनाथ धाम की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी होने और निचले इलाकों में लगातार बारिश के कारण ठंड में काफी इजाफा हो गया है। केदारनाथ धाम के साथ-साथ गौरीकुंड और अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड का असर साफ महसूस किया जा रहा है।
🟢 तापमान और वर्षा के आंकड़े
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार जिले का न्यू नतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। पिछले तीन दिनों से जारी रुक-रुककर बारिश के बीच तहसीलों से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार रुद्रप्रयाग में 10 मिमी, ऊखीमठ में 20 मिमी और जखोली में 16.50 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।
🟢 नदियों का जलस्तर
लगातार हो रही बारिश के बावजूद प्रमुख नदियां खतरे के निशान से काफी नीचे बह रही हैं। सुबह आठ बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार अलकनंदा नदी का जलस्तर 625.10 मीटर और मंदाकिनी नदी का जलस्तर 624.30 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी स्तर से नीचे है।
🟢 यातायात और प्रशासनिक तैयारियां
बारिश और भूस्खलन के चलते जनपद में दो राज्य मार्गों सहित कुल 14 सड़क मार्ग अवरुद्ध हैं। इनमें लोक निर्माण विभाग के 4 और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के 8 मार्ग शामिल हैं। राहत की बात यह है कि मुख्य राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात सुचारू और सामान्य बना हुआ है। किसी भी संभावित आपदा से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को पूरी तरह सतर्क रहने और आवश्यक तैयारियां बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
