उत्तराखंड मे यहां गन्ने के खेत से 300 किलो संरक्षित पशु का मांस बरामद, आरोपी फरार,संरक्षित पशु कटान के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को किया गिरफ्तार,,,

हरिद्वार। मंगलौर कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बुधवार देर रात भणेड़ा गांव के जंगल में स्थित गन्ने के खेत में दबिश दी. पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, जबकि पुलिस ने खेत से करीब 300 किलोग्राम संरक्षित पशु का मांस और कटान में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए.
बुधवार देर रात मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर पहुंचकर छापामार कार्रवाई की, जहां पुलिस की आहट मिलते ही पांचों आरोपी घने अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकले. मंगलौर पुलिस क्षेत्राधिकारी अभिनय चौधरी ने बताया कि फरार आरोपियों में रिजवान निवासी मलानपुरा, आशु निवासी जोरासी, फरदीन, रहमान और फजलू निवासी सिकंदरपुर भैंसवाल (थाना भगवानपुर) शामिल हैं, जिनके खिलाफ सुसंगत धाराओं और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है.
एक अन्य घटना में बहादराबाद पुलिस ने संरक्षित पशु कटान के मामले में फरार चल रहे आरोपी मुकर्रम (निवासी मिर्जापुर मुस्तफाबाद) को गिरफ्तार कर लिया है. सीओ संजय चौहान ने बताया कि वांछित आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था, जिसे बृहस्पतिवार को खोजबीन कर दबोच लिया गया.
