उत्तराखंड किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका चुनाव का ऐलान, 22 सितंबर को होगा दोनों जगह मतदान,,,

देहरादून: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले की नगर पालिका परिषद किच्छा और नगर पालिका परिषद सिरौलीकलां में अध्यक्षों एवं सदस्यों के निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने सोमवार, 7 सितंबर 2026 को दोनों नगर पालिका परिषदों के सामान्य निर्वाचन के लिए चुनावी अधिसूचना जारी कर दी है। आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 22 सितंबर को मतदान और 24 सितंबर को मतगणना कराई जाएगी।
🟢 आरक्षण और विस्तृत विवरण जारी
संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से दोनों नगर पालिका परिषदों के निर्वाचन क्षेत्रों का आरक्षण समेत विस्तृत विवरण 8 सितंबर 2026 को अपने स्तर से जारी किया जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर चुनावी तैयारियां तेज हो गई हैं।
🟢 8 सितंबर से शुरू होगी नामांकन पत्रों की बिक्री
किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका चुनाव कार्यक्रम के अनुसार नाम निर्देशन पत्रों की बिक्री 8 सितंबर 2026 से शुरू होगी। नामांकन पत्र जमा करने के लिए 10 और 11 सितंबर की तिथि निर्धारित की गई है, जिसमें प्रत्याशी सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक अपने नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे।
🟢 12 और 13 सितंबर को जांच व नाम वापसी
12 सितंबर को सुबह 10 बजे से कार्य समाप्ति तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इसके बाद 13 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
🟢 14 सितंबर को होगा चुनाव चिह्नों का आवंटन
नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 14 सितंबर को सुबह 10 बजे से कार्य समाप्ति तक प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे, जिससे चुनाव मैदान में रहने वाले प्रत्याशियों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी।
🟢 22 सितंबर को मतदान और 24 को मतगणना
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा तय कार्यक्रम के अनुसार 22 सितंबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके बाद 24 सितंबर 2026 को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे।
🟢 अवकाश के दिन भी खुले रहेंगे कार्यालय
राज्य निर्वाचन आयोग ने निर्देश जारी किया है कि निर्धारित निर्वाचन कार्यक्रम के बीच आने वाले सभी सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे ताकि निर्वाचन से जुड़े कार्य समयसीमा में पूरे हो सकें।
