देश – दुनिया, 10,783 करोड़ रुपये की लागत वाली तीन रेल परियोजनाओं को मंजूरी, पांच राज्यों की 56 लाख आबादी को मिलेगा सीधा लाभ,,,
नई दिल्ली: आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने बुधवार को 10,783 करोड़ रुपये की लागत वाली तीन प्रमुख रेल परियोजनाओं को अपनी मंजूरी दे दी है। इन परियोजनाओं के तहत खड़गपुर-झारसुगुड़ा और कटनी-पेंड्रा रोड सेक्शन के बीच चौथी लाइन तथा बिलासपुर (डस्लापुर)-पेंड्रा रोड सेक्शन के बीच तीसरी लाइन का निर्माण किया जाएगा।
इन लाइनों के विकसित होने से भारतीय रेलवे की परिचालन क्षमता और सेवा की विश्वसनीयता में उल्लेखनीय सुधार होगा। सरकार का मानना है कि ये परियोजनाएं प्रधानमंत्री मोदी के ‘न्यू इंडिया’ विजन के अनुरूप हैं, जो क्षेत्र के व्यापक विकास के जरिए नागरिकों को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने में मदद करेंगी।
🟢 पांच राज्यों की 56 लाख आबादी को मिलेगा सीधा लाभ
यह परियोजनाएं देश के पांच राज्यों—पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुल 14 जिलों को आपस में जोड़ेंगी। इसके अंतर्गत आने वाले लगभग 4,790 गांवों को बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा, जिनकी कुल आबादी करीब 56 लाख है। इस विस्तार योजना से देश के मौजूदा रेलवे नेटवर्क में कुल 656 किलोमीटर की वृद्धि होगी।

