उत्तराखंड में आज भी भारी बारिश का अलर्ट जारी, राज्य की 108 सड़कें बंद, लोगों को हो रही है भारी परेशानी,,,

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को राज्य के नैनीताल, चम्पावत, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर जनपद में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं राज्य के सभी जनपदों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर आने की संभावना जताई गई है।
राज्य में भूस्खलन समेत अन्य कारणों के चलते बृहस्पतिवार को 108 सड़कें बंद रहीं। चंपावत में एक, देहरादून में पांच, बागेश्वर में 11, चमोली में 16 मार्ग बंद हैं। चम्पावत में 23, पौड़ी में छह, पिथौरागढ़ में 11, रुद्रप्रयाग में आठ, टिहरी में 10 और उत्तरकाशी में सात मार्ग बंद हैं। मार्गों के बाधित होने से लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
