उत्तराखंड, भारत-अमेरिका संयुक्त सैन्य अभ्यास औली में शुरू, रणनीति, आधुनिक तकनीक और ड्रोन प्रणालियों का होगा साझा प्रदर्शन,,,

चमोली। भारत-अमेरिका संयुक्त सैन्य अभ्यास के 22वें संस्करण का उद्घाटन समारोह औली के विदेशी प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित किया गया। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य पर्वतीय और अर्ध-पर्वतीय क्षेत्रों में एकीकृत युद्ध समूहों के उपयोग के लिए दोनों सेनाओं की संयुक्त सैन्य क्षमता को बढ़ाना है, जिसमें पैदल सेना-प्रधान अभियानों पर विशेष बल दिया गया है।
🟢 प्रतिभागी सेनाएं और नेतृत्व
इस युद्धाभ्यास में भारतीय सेना की ओर से 14वीं इन्फैंट्री डिवीजन के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल अमरेश गुंजन और अमेरिकी सेना की ओर से 11वीं एयरबोर्न डिवीजन की पहली इन्फैंट्री ब्रिगेड कॉम्बैट टीम के कमांडर कर्नल बेंजामिन जैकमैन ने दोनों पक्षों के 600-600 सैन्य जवानों को संबोधित किया। इसके अलावा उत्तराखंड के औली के अलावा राजस्थान महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में भी इसका आयोजन किया जा रहा है।
🟢 आधुनिक तकनीक और ड्रोन का उपयोग
प्रशिक्षण के दौरान निगरानी और टोही के लिए ड्रोन और स्वायत्त प्रणालियों का उपयोग किया जा रहा है। इसके साथ ही महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में आधुनिक हथियार प्रणालियों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। दोनों सेनाओं के विषय विशेषज्ञ उभरती प्रौद्योगिकियों और बहु-क्षेत्रीय युद्ध में हो रहे विकास पर अपने विचार साझा करेंगे।
🟢 रणनीति और सैन्य समन्वय को बढ़ावा

जनसंपर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल चेतन सिंह कबसुड़ी ने बताया कि यह अभ्यास दोनों सेनाओं को रणनीति, तकनीक और प्रक्रियाओं को साझा करने का अवसर प्रदान करता है। इससे विभिन्न भू-भागों और परिचालन वातावरणों में समन्वित सैन्य अभियानों को अंजाम देने की उनकी क्षमता में वृद्धि होगी।
