उत्तराखंड के आईपीएस अधिकारी प्रहलाद नारायण मीणा WCCB में उप निदेशक नियुक्त, पांच साल के लिए केंद्रीय प्रतिनियुक्ति को मंजूरी,,

देहरादून: उत्तराखंड कैडर के वर्ष 2012 बैच के तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी प्रहलाद नारायण मीणा को वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (WCCB) में उप निदेशक (इंटेलिजेंस एंड कोऑर्डिनेशन) के पद पर नियुक्त किया गया है। केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय (MHA) द्वारा नॉन-सेंट्रल स्टाफिंग स्कीम के तहत उनकी इस नियुक्ति को पांच वर्ष के कार्यकाल के लिए स्वीकृति प्रदान की गई है।
🟢 तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त करने का अनुरोध
गृह मंत्रालय की ओर से इस संबंध में उत्तराखंड सरकार को आधिकारिक पत्र भेजकर अनुरोध किया गया है कि आईपीएस अधिकारी प्रहलाद नारायण मीणा को उनके वर्तमान दायित्वों से तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त किया जाए। इससे वह नई दिल्ली स्थित WCCB मुख्यालय पहुंचकर अपनी इस नई केंद्रीय जिम्मेदारी का कार्यभार संभाल सकें।
🟢 अहम होगी नई जिम्मेदारी
अपनी इस नई भूमिका के तहत मीणा वन्यजीव अपराध से जुड़ी खुफिया सूचनाओं के संकलन, विश्लेषण और विभिन्न सुरक्षा व जांच एजेंसियों के बीच आपसी समन्वय जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की कमान संभालेंगे। गौरतलब है कि देश में वन्यजीवों के अवैध शिकार और तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने में WCCB की भूमिका बेहद अहम मानी जाती है।
🟢 उत्तराखंड के लिए महत्वपूर्ण प्रशासनिक नियुक्ति
वन और वन्यजीव संपदा से समृद्ध राज्य उत्तराखंड से ताल्लुक रखने वाले इस वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति को एक बड़ी प्रशासनिक जिम्मेदारी माना जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि पांच साल के इस कार्यकाल के दौरान मीणा WCCB के खुफिया और समन्वय तंत्र को और अधिक सुदृढ़ करने में अहम योगदान देंगे।
