उत्तराखंड एमडीडीए की बड़ी कार्रवाई, देहरादून के रानीपोखरी क्षेत्र में 150 बीघा भूमि पर हुई अवैध प्लाटिंग पर चला पीला पंजा,,,,

देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने रानीपोखरी के गड़ूल-सूर्यधार क्षेत्र में बड़े पैमाने पर चल रही अवैध प्लाटिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। प्राधिकरण ने लगभग 150 बीघा भूमि पर बिना किसी स्वीकृत तलपट मानचित्र (लेआउट प्लान) के किए जा रहे भू-विन्यास, सड़क निर्माण और सीमांकन कार्यों को ध्वस्त कर दिया है।
इस प्रकरण में विशाल मनवाल और श्री कोठारी से संबंधित भूमि पर बिना अनुमति विकास कार्य किए जाने की शिकायत मिली थी। स्थल निरीक्षण के बाद उत्तराखंड नगर एवं ग्राम नियोजन तथा विकास अधिनियम के तहत वाद दायर कर यह कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
खास बात यह है कि इसी क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ गत 7 जुलाई को भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई थी। हालांकि, इसके बाद हुए दोबारा निरीक्षण में अनधिकृत विकास का दायरा और बड़ा पाया गया। प्रारंभिक निरीक्षण में लगभग 50 बीघा क्षेत्र सामने आया था, लेकिन बाद की जांच में यह दायरा बढ़कर 150 बीघा तक फैला मिला, जहां धड़ल्ले से सड़क निर्माण और सीमांकन का कार्य जारी था।

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट किया है कि प्राधिकरण क्षेत्र के अंतर्गत बिना अनुमति किसी भी प्रकार की प्लाटिंग, भू-विन्यास या निर्माण कार्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार की कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
