उत्तराखंड में घुसपैठियों के नाम कटने का दर्द कांग्रेस को ही क्यों, कांग्रेस को देना चाहिए जवाब – महेंद्र भट्ट

देहरादून: भाजपा ने कांग्रेस की ओर से समर्थकों के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने के आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद, तथ्यहीन और राजनैतिक हताशा से प्रेरित बताया है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा है कि अपात्रों एवं घुसपैठियों के नाम हटाए जा रहे हैं, और यदि उनमें अधिकांश कांग्रेस समर्थक हैं तो उन्हें आत्मचिंतन करना चाहिए कि ऐसा क्यों है।
उन्होंने लगातार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और अन्य नेताओं पर एसआईआर के तहत फॉर्म-7 और अन्य संवैधानिक प्रक्रियाओं को लेकर झूठ एवं भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है। भट्ट ने कहा कि एसआईआर का सीधा और स्पष्ट उद्देश्य ही मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाना है, तथा जो लोग अपात्र हैं, जिनकी मृत्यु हो चुकी है या जो अन्यत्र शिफ्ट हो गए हैं, नियमानुसार उनके नाम सूची से हटाना एक तय कानूनी प्रक्रिया है।
🟢 वैध वोटर का नाम नहीं कट सकता
प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि यदि कुछ गलत नहीं है तो किसी भी वैध वोटर का नाम कट ही नहीं सकता, लिहाजा किसी को डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस सरल प्रक्रिया को लेकर झूठ एवं भ्रम फैला रही है।
🟢 कांग्रेस को देना चाहिए जवाब
महेंद्र भट्ट ने कहा कि यदि एक पल के लिए कांग्रेस के आरोपों को मान भी लिया जाए, तो कांग्रेस अध्यक्ष को जवाब देना और भी अधिक जरूरी हो जाता है कि जांच में जो भी फर्जी, अयोग्य और अपात्र पाए जा रहे हैं, वे सब कांग्रेस के ही समर्थक क्यों निकल रहे हैं। (ब्यूरो)
