उत्तराखंड रुद्रप्रयाग बनतोली के पास चट्टान टूटने से मोरखण्डा नदी का बढ़ा जलस्तर, प्रशासन ने जारी किया हाई अलर्ट,,,

रुद्रप्रयाग जनपद में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच आपदा की एक और घटना सामने आई है। आज सायं लगभग 06:03 बजे, बनतोली के समीप एक चट्टान का हिस्सा टूटने से मोरखण्डा नदी में भारी मात्रा में मलबा और पत्थर आ गए, जिससे नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया है।
इस घटना के बाद अलकनंदा की सहायक मन्दाकिनी नदी के जलस्तर में भी भारी वृद्धि की आशंका जताई जा रही है, जिसे देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। डीडीआरएफ टीम मद्महेश्वर द्वारा जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र को घटना की सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन विभाग ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी।
🔴 प्रशासनिक कदम और एहतियाती निर्देश
- परियोजना को अलर्ट: कुंड स्थित रिन्यू जल विद्युत परियोजना के अधिकारियों को तत्काल स्थिति से अवगत करा दिया गया है।
- स्थानीय निकायों को सूचना: नगर पालिका परिषद रुद्रप्रयाग तथा नगर पंचायत तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि और ऊखीमठ के अधिशासी अधिकारियों को सतर्क कर दिया गया है।
- लाउडस्पीकर से मुनादी: संवेदनशील क्षेत्रों और नदी के आसपास आवागमन करने वाले लोगों को लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार चेतावनी दी जा रही है।
जिला प्रशासन ने आम जनता से पुरजोर अपील की है कि वे किसी भी स्थिति में नदी-नालों के करीब न जाएं और पूरी सावधानी बरतें। आपातकालीन स्थिति में तुरंत सहायता के लिए जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र से संपर्क किया जा सकता है।
