उत्तराखंड विकसित भारत के निर्माण का प्रमुख आधार है युवा शक्ति- राज्यपाल

देहरादून। विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियांत्रिकी और गणित (स्टेम) के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा उन्हें अनुसंधान व नवाचार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) में एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। आईआईटी रुड़की और यूटीयू के संयुक्त तत्वावधान में ‘वूमेन इन स्टेम-स्टेकहोल्डर कन्वर्जेंस’ विषय पर आयोजित इस कार्यशाला में राज्यपाल एवं कुलाधिपति डॉ. लाल सिंह बिसेन ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

राज्यपाल ने कहा कि महिला सशक्तीकरण, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और युवा शक्ति विकसित भारत व विकसित उत्तराखंड के निर्माण के प्रमुख आधार हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए महिलाओं की समान और सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। महिलाओं की प्रगति में सबसे बड़ी बाधा उनकी क्षमता की कमी नहीं, बल्कि सामाजिक धारणाएं, मानसिक अवरोध और उचित मार्गदर्शन का अभाव है, जिसे विद्यालय स्तर से ही दूर किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. के.के. पंत ने कहा कि नवाचार और जोखिम लेने की क्षमता से छोटे निवेश के माध्यम से भी बड़े उद्यम स्थापित किए जा सकते हैं। वहीं, यूटीयू की कुलपति प्रो. डॉ. तृप्ता ठाकुर ने कहा कि स्टेम में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना केवल लैंगिक समानता का विषय नहीं, बल्कि देश की वैज्ञानिक व तकनीकी क्षमता को मजबूत करने का माध्यम है। कार्यशाला में शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा सहित विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और उत्तराखंड की बेटियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), आपदा प्रबंधन तथा नवीकरणीय ऊर्जा जैसे उभरते क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
