उत्तराखंड स्थानीय सुविधा एवं वीकेंड पर लगने वाले जाम से निजाद हेतु अमृतपुर बायपास निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता पर करे पूर्ण- पुष्कर सिंह धामी

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पर्यटन सीजन और सप्ताहांत (वीकेंड) के दौरान लगने वाले भीषण जाम से स्थानीय नागरिकों एवं पर्यटकों को शीघ्र राहत दिलाने के लिए अमृतपुर बायपास के निर्माण कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए बजट की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। निर्माण कार्य को समयबद्ध और निर्बाध रूप से पूरा करने के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत कर दी गई है।
यातायात प्रबंधन और सुरक्षा मानकों पर जोर:
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि पर्यटन सीजन में सड़कों पर वाहनों का अत्यधिक दबाव बढ़ जाता है। बायपास का निर्माण पूरा होने के बाद कुमाऊं क्षेत्र की यातायात व्यवस्था सुचारु होगी और लोगों को जाम के झंझट से स्थायी मुक्ति मिलेगी। उन्होंने निर्माण के दौरान रोड कटिंग में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए और कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि है। इसके साथ ही कार्य की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न करने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
पर्यटकों और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या चुनौती:

मुख्यमंत्री ने कहा कि विगत कुछ वर्षों में बाबा नीम करौली महाराज (कैंची धाम) के दर्शनार्थ आने वाले श्रद्धालुओं और नैनीताल, रानीखेत, कौसानी, अल्मोड़ा, बागेश्वर व पिथौरागढ़ जाने वाले सैलानियों की संख्या में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। पर्यटकों का आगमन राज्य की आर्थिकी के लिए शुभ संकेत है, लेकिन साथ ही यह यातायात प्रबंधन के लिहाज से एक बड़ी चुनौती भी बनता है। सरकार इसी दिशा में सड़क ढांचे को तेजी से सुदृढ़ कर रही है ताकि स्थानीय जनता और आगंतुकों, दोनों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
परियोजना की प्रगति और बजट का ब्योरा:
स्थलीय निरीक्षण के दौरान कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत ने बायपास की वर्तमान स्थिति और प्रगति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अभियंताओं ने जानकारी दी कि:

- परियोजना के प्रथम चरण हेतु ₹175.4 लाख तथा द्वितीय चरण के लिए ₹469.59 लाख की धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। इस खंड में अब तक 15% भौतिक प्रगति हो चुकी है तथा 14% बजट व्यय किया जा चुका है।
- काठगोदाम-अमृतपुर बायपास मार्ग पर 2 किलोमीटर तक सिंगल लेन पहाड़ी कटान का कार्य पूरा कर लिया गया है।
- इसी प्रभाग में 75 मीटर स्पैन वाले स्टील पुल का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसके लिए ₹1177.93 लाख स्वीकृत किए गए हैं। वर्तमान में इस पुल के निर्माण की भौतिक प्रगति 10% और वित्तीय प्रगति 7% दर्ज की गई है।
