उत्तराखंड राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के दम पर पौड़ी और नैनीताल टीमों ने बनाई फाइनल में जगह,,,

हरिद्वार। खेल महाकुंभ के अंतर्गत आयोजित मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी की राज्य स्तरीय फुटबॉल खेल प्रतियोगिता के पांचवें दिन रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। रोशनाबाद स्थित जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
“रोशनाबाद स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेल महाकुंभ के तहत खेले गए अंडर-14 और अंडर-19 बालक वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले”
प्रतियोगिता के अंडर-14 बालक वर्ग के पहले सेमीफाइनल मैच में देहरादून और नैनीताल की टीमें आमने-सामने रहीं। इस मुकाबले में नैनीताल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देहरादून को 03-00 से पराजित कर फाइनल में अपना स्थान पक्का किया। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में पौड़ी और चमोली के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें पौड़ी की टीम ने चमोली को 02-00 से मात देकर फाइनल का टिकट हासिल किया।

उधर, अंडर-19 बालक वर्ग के पहले सेमीफाइनल में नैनीताल और बागेश्वर की टीमों के बीच जोरदार भिड़ंत हुई। नैनीताल की टीम ने बागेश्वर को 02-00 से हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। इस वर्ग का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला पौड़ी और चंपावत के मध्य खेला गया, जिसमें पौड़ी की टीम ने एकतरफा खेल दिखाते हुए चंपावत को 03-00 से शिकस्त दी और फाइनल में जगह बनाई।
इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी रविंद्र भंडारी, सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी के प्रभारी मुकेश कुमार भट्ट, पूनम मिश्रा, जितेंद्र पुंडीर तथा शुभम बोरा सहित खेल विभाग के कई पदाधिकारी एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।
