उत्तराखंड हरिद्वार में रंगदारी न देने पर दुकानदार पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला, गंभीर हालत में देहरादून रेफर,,,

हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र के रोशनाबाद इलाके में रंगदारी की मांग पूरी न करने पर एक दुकानदार पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमलावरों ने दुकानदार से हर महीने 10 हजार रुपये की मांग की थी। इस हमले में दुकानदार के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और उसके हाथ की कई उंगलियां टूट गई हैं। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर अवस्था में हायर सेंटर देहरादून रेफर किया गया है।
पुलिस को दी गई तहरीर में मोहसिन ने बताया कि उनके भाई शौकीन की नवोदय नगर में किराना और स्क्रैप की दुकान है। पिछले कुछ दिनों से दो युवक शौकीन से प्रतिमाह 10 हजार रुपये की रंगदारी मांग रहे थे और रकम न देने पर लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहे थे।

आरोप है कि बुधवार सुबह एक युवक अपने अन्य साथियों के साथ दुकान पर आ धमका और शौकीन पर धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। अचानक हुए इस हमले से बचने के लिए शौकीन ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने लहूलुहान हालत में शौकीन को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए देहरादून रेफर कर दिया। सीओ एसपी बलूनी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
