उत्तराखंड हरिद्वार में हुए चर्चित हैप्पी हत्याकांड का मुख्य आरोपी 10000 का इनामी इस्तकार सहारनपुर से गिरफ्तार,,,,,

हरिद्वार। बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र के शांतरशाह गांव में हुए बाइक मैकेनिक हैप्पी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य साजिशकर्ता इस्तकार उर्फ इस्तयाक को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, खोखा कारतूस और वारदात के वक्त पहनी गई खून से सनी शर्ट बरामद कर ली है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
🔴 14 सितंबर को हुई थी खूनी वारदात

14 सितंबर को पतंजलि रोड स्थित देव धर्मकांटा (शांतरशाह) के पास 28 वर्षीय बाइक मैकेनिक हैप्पी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई कपिल की तहरीर पर बहादराबाद कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर गठित टीमों ने कार्रवाई करते हुए पूर्व में मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी मुदस्सिर को पैर में गोली लगने के बाद दबोच लिया था, जबकि मुख्य आरोपी इस्तकार समेत अन्य साथी फरार चल रहे थे।
🔴 सहारनपुर के छुटमलपुर फ्लाईओवर से दबोचा
जांच के दौरान पुलिस को मुख्य आरोपी इस्तकार के सहारनपुर के फतेहपुर थाना क्षेत्र में छिपे होने का इनपुट मिला। इस पर इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सहारनपुर के छुटमलपुर फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
🔴 मुखबिरी के शक और वसूली से उपजी थी रंजिश

एसपी क्राइम निशा यादव ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वजह पुरानी रंजिश बताई है। इस्तकार को शक था कि वर्ष 2022 में दर्ज एक आपराधिक मामले में हैप्पी ने ही पुलिस को उसकी मुखबिरी की थी। जेल से छूटने के बाद इस्तकार स्मैक तस्करी में लिप्त हो गया था। आरोप है कि हैप्पी उसे दोबारा पुलिस से पकड़वाने की धमकी देकर लगातार पैसों की मांग कर रहा था। इसी से तंग आकर इस्तकार ने अपने साथी मुदस्सिर और शादाब के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। आरोपियों ने 12 सितंबर को इलाके की रेकी की और 14 सितंबर को वारदात को अंजाम देकर जंगल के रास्ते फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
