उत्तराखंड एक दिसंबर से प्रदेश के सभी 95 विकासखंडों में लगेंगे सहकारिता ऋण मेले, 600 करोड़ रुपये वितरण का लक्ष्य,,,

देहरादून। उत्तराखंड के किसानों को सहकारी बैंकों के माध्यम से आसानी से ऋण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार एक दिसंबर से प्रदेश के सभी 95 विकासखंडों में ‘सहकारिता ऋण मेले’ आयोजित करने जा रही है। सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने नाबार्ड मुख्यालय में सहकारिता विभाग और नाबार्ड की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को इन मेलों की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
दो लाख किसानों को मिलेगा लाभ, एनपीए वसूली पर भी जोर

मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि इन ऋण मेलों के माध्यम से प्रदेश के दो लाख किसानों को लाभान्वित करने और करीब 600 करोड़ रुपये का ऋण वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है। बैठक में दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत शून्य प्रतिशत ब्याज पर दिए जाने वाले अल्पकालीन ऋण वितरण की जनपदवार समीक्षा की गई। आंकड़ों के अनुसार, चमोली जिले ने निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष सर्वाधिक 63 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है, जबकि उधमसिंह नगर ने 52 प्रतिशत, अल्मोड़ा ने 50 प्रतिशत, हरिद्वार ने 49 प्रतिशत, पौड़ी गढ़वाल ने 46 प्रतिशत, उत्तरकाशी ने 43 प्रतिशत और देहरादून ने 32.72 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया है।

बैठक में जिला सहकारी बैंकों के एनपीए (NPA) की स्थिति पर चर्चा करते हुए लगभग 400 करोड़ रुपये के एनपीए की वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया गया और इस दिशा में गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र, पैक्स, कॉमन सर्विस सेंटर और प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्रों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बैठक में अपर निबंधक ईरा उप्रेती, जिला सहकारी बैंक टिहरी के अध्यक्ष सुभाष रमोला, नाबार्ड के महाप्रबंधक पंकज यादव, आनंद शुक्ल, एम.पी. त्रिपाठी, रविंद्र मदरवाल, प्रदीप मेहरोत्रा, राजेश चौहान और भूपेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
