उत्तराखंड देहरादून में अमित शाह के दौरे की तैयारियों के बीच Mi-17 में आई तकनीकी खामी, परेड ग्राउंड में हुई रातभर पार्किंग,,,

देहरादून। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छह नवंबर को प्रस्तावित दौरे की तैयारियों के तहत परेड ग्राउंड में सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे वायुसेना के एमआई-17 (Mi-17) हेलीकॉप्टर में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। टेकऑफ न हो पाने के कारण हेलीकॉप्टर को रातभर परेड ग्राउंड में ही पार्क रखना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, गृह मंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे परेड ग्राउंड में एमआई-17 हेलीकॉप्टर की ट्रायल लैंडिंग कराई गई थी। सफल लैंडिंग के बाद जब हेलीकॉप्टर को वापस टेकऑफ करना था, तभी उसमें कुछ तकनीकी समस्या सामने आ गई। इसके चलते पायलटों ने सुरक्षा के मद्देनजर उड़ान स्थगित कर दी और हेलीकॉप्टर को ग्राउंड में ही रोक लिया गया।
सूत्रों के मुताबिक, तकनीकी टीम ने जांच के बाद खराबी को दुरुस्त कर लिया है। अब बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे हेलीकॉप्टर के परेड ग्राउंड से उड़ान भरने की योजना है। गृह मंत्री के महत्वपूर्ण दौरे को देखते हुए प्रशासनिक और सुरक्षा एजेंसियां पूरे क्षेत्र में सतर्कता बरत रही हैं और सभी व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की जा रही है।
