उत्तराखंड अंकिता हत्याकांड में सीबीआई ने उर्मिला सनावर के आवास पर 4 घंटे की पूछताछ, सोशल मीडिया अकाउंट बंद होने पर जताई आपत्ति,,,

हरिद्वार। अंकिता हत्याकांड की जांच के क्रम में सीबीआई की टीम ने सहारनपुर स्थित उर्मिला सनावर के आवास पर पहुंचकर करीब चार घंटे तक गहन पूछताछ की।
पूछताछ के बाद उर्मिला सनावर ने आरोप लगाया कि जांच टीम बिना किसी पुख्ता साक्ष्य के उनके पास पहुंची थी। उन्होंने कहा कि टीम के पास न तो एसआईटी की कोई जांच रिपोर्ट थी, न आठ घंटे की कथित कॉल रिकॉर्डिंग और न ही उनके फोन का आईएमईआई नंबर। उनके अनुसार, सीबीआई के पास केवल ढाई मिनट की एक ऑडियो क्लिप थी।

उर्मिला ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स बंद कराए जाने पर भी कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने इस पर सवाल उठाया, तो जांच अधिकारियों ने भी अकाउंट्स बंद होने को अनुचित माना। सनावर ने स्पष्ट किया कि यदि निष्पक्ष जांच नहीं होती है, तो वे सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगी। उन्होंने अपने तीन मुख्य संकल्प दोहराए—पहला, अंकिता को न्याय दिलाना; दूसरा, दुष्यंत गौतम को राज्यपाल न बनने देना; और तीसरा, न्याय न मिलने पर सीबीआई के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील करना।
