उत्तराखंड मौसम अपडेट, 27 जून तक राज्य के 11 पहाड़ी जिलों में बारिश का अनुमान, हरिद्वार और उधम सिंह नगर रहेंगे शुष्क,,,,

देहरादून: मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने उत्तराखंड के लिए 27 जून तक का विस्तृत मौसम पूर्वानुमान जारी कर दिया है। इस पूर्वानुमान के अनुसार, आज सोमवार (22 जून) से लेकर आगामी 27 जून तक राज्य के 11 पर्वतीय जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। वहीं, राज्य के दो मैदानी जिलों—हरिद्वार और उधम सिंह नगर में इस अवधि के दौरान मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा और बारिश की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने आज और कल के लिए राज्य के 8 जिलों में मौसम का ‘येलो अलर्ट’ भी जारी किया है।
🟢 आज 6 जिलों में मध्यम और 5 में हल्की बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, आज सोमवार को उत्तराखंड के 6 पहाड़ी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इनमें गढ़वाल मंडल के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और कुमाऊं मंडल के बागेश्वर, पिथौरागढ़ व नैनीताल जिले शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, शेष 5 पहाड़ी जिलों—टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, देहरादून, अल्मोड़ा और चंपावत में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
🟢 23 जून का मौसम पूर्वानुमान
मंगलवार (23 जून) को भी पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि बाकी के 6 पहाड़ी जिलों में बादलों की गर्जना के साथ कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की उम्मीद है। मैदानी जिलों (हरिद्वार और उधम सिंह नगर) में मंगलवार को भी धूप खिली रहेगी और मौसम शुष्क रहेगा।
🟢 24 से 27 जून तक का अपडेट
बुधवार (24 जून) से लेकर शनिवार (27 जून) तक राज्य में मौसम का पैटर्न एक समान रहने का अनुमान है। इस दौरान उत्तराखंड के सभी पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है। हालांकि, इस दौरान भी दोनों मैदानी जिलों को बारिश से राहत रहेगी और वहां मौसम शुष्क बना रहेगा।
