उत्तराखंड देहरादून में मोहर्रम जुलूस को लेकर पुलिस ने किया रूट प्लान जारी, आज दोपहर 2 बजे से होगा लागू,,,,

देहरादून। मोहर्रम के जुलूस के मद्देनजर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर यातायात पुलिस ने शहर के लिए विस्तृत ट्रैफिक रूट प्लान जारी कर दिया है। यह नया यातायात प्लान आज दोपहर 2:00 बजे से पूरी तरह लागू हो जाएगा। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए डायवर्ट किए गए रूटों का ही प्रयोग करें।
🟢 जुलूस के दौरान मुख्य यातायात डायवर्जन प्लान
- ईसी रोड और सर्वे चौक: जुलूस के ईसी रोड से रवाना होते ही इस मार्ग पर ट्रैफिक पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यातायात को यूकेलिप्टस चौक, बेनी बाजार और सर्वे चौक से डायवर्ट किया जाएगा। जुलूस के सर्वे चौक पार करने के बाद ईसी रोड का ट्रैफिक सामान्य होगा, लेकिन सर्वे चौक से परेड ग्राउंड की तरफ जाने वाले वाहनों को क्रॉस रोड से बुद्धा चौक की ओर भेजा जाएगा।
- परेड ग्राउंड से लैंसडाउन चौक: परेड ग्राउंड से रोजगार तिराहा, कान्वेंट तिराहा और लैंसडाउन चौक की ओर जुलूस के बढ़ने के दौरान सामने से कोई वाहन नहीं आने दिया जाएगा। इस दौरान ट्रैफिक को सर्वे चौक की तरफ मोड़ा जाएगा।
- दर्शनलाल चौक और तहसील चौक: जब जुलूस लैंसडाउन चौक से दर्शनलाल चौक, तहसील चौक और इनामुल्ला बिल्डिंग की तरफ बढ़ेगा, तो जुलूस के पीछे का यातायात रोक दिया जाएगा। इस दौरान वाहनों को बुद्धा चौक, दून चौक और द्रोण होटल कट की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इनामुल्ला बिल्डिंग पर जुलूस के शांतिपूर्ण समापन के बाद ही सभी मार्ग सामान्य किए जाएंगे।
🟢 विक्रम और सिटी बसों के लिए रूट बदलाव
जुलूस के सर्वे चौक पहुँचने से पहले ही सार्वजनिक परिवहन के वाहनों को निम्नलिखित स्थानों से वापस भेज दिया जाएगा:
-
- 3 नंबर विक्रम: रेसकोर्स चौक से वापस होकर रेसकोर्स पीएनबी तिराहा और आराघर टी-जंक्शन की तरफ जाएंगे।
- 5 व 8 नंबर विक्रम: इन्हें रेलवे गेट से ही वापस (यू-टर्न) कर दिया जाएगा।
- 2 नंबर विक्रम, सिटी बसें व व्यावसायिक वाहन: इन्हें सहस्रधारा क्रॉसिंग से ही वापस भेजा जाएगा।
- प्रेमनगर व कैंट रूट के विक्रम: इन वाहनों को बिंदाल पुल से ही वापस मोड़ दिया जाएगा।
🟢 यातायात पुलिस की अपील
देहरादून पुलिस ने समस्त सम्मानित जनता से अनुरोध किया है कि वे इस रूट प्लान को ध्यान में रखकर ही अपनी यात्रा तय करें और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में देहरादून पुलिस का सहयोग करें।
