उत्तराखंड भारी बारिश का अलर्ट, सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दिए सभी एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश,,,

देहरादून। प्रदेश में लगातार हो रही वर्षा और मौसम विभाग की चेतावनियों के मद्देनजर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन से फोन पर वार्ता कर स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सभी आपदा प्रबंधन और राहत एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी भी संभावित आपदा से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
- सर्वोच्च प्राथमिकता: मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में जनहानि को रोकना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए SDRF, NDRF, पुलिस, जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सहित सभी एजेंसियां आपसी समन्वय से कार्य करें।
- मौसम का अलर्ट: मौसम विभाग ने देहरादून, चमोली और बागेश्वर में ‘ऑरेंज’ तथा शेष जनपदों में ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है, जिसके तहत तीव्र वर्षा और आकाशीय बिजली की संभावना है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र चौबीसों घंटे सक्रिय हैं।
- जनता से अपील: प्रशासन ने नागरिकों और पर्यटकों से अनावश्यक यात्रा से बचने, यात्रा से पूर्व मौसम की जानकारी लेने तथा केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करने की अपील की है।
