उत्तराखंड हरिद्वार कांवड़ मेले में फिर हुआ हुड़दंग, बहादराबाद में मसाज करने वाले युवक से कांवड़ियों ने की मारपीट, स्थानीय लोगों ने सूझबूझ से बचाई जान,,,

हरिद्वार। हरिद्वार में चल रहे कांवड़ मेले के दौरान हुड़दंग और कानून हाथ में लेने की घटनाएं सामने आने लगी हैं। बहादराबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत पतंजलि योगपीठ पुल के नीचे कुछ कांवड़ियों ने मामूली विवाद के चलते एक मसाज करने वाले युवक के साथ जमकर मारपीट की। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कांवड़िए युवक को पीटते हुए नजर आ रहे हैं।
🔴 कावड़िये की तबीयत बिगड़ने के बाद भड़का विवाद
सूत्रों के अनुसार, मसाज के दौरान किसी बात को लेकर एक कांवड़िए की तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई, जिसके बाद आक्रोशित कांवड़ियों ने अपना आपा खो दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उन्होंने कानून अपने हाथ में ले लिया और युवक पर टूट पड़े। घटना के समय पुल के नीचे भारी भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
🟢 स्थानीय लोगों ने बचाई जान
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, ड्यूटी पर तैनात अकेला पुलिसकर्मी भीड़ को नियंत्रित करने में असमर्थ नजर आ रहा था। स्थानीय होटल कारोबारी तेज प्रताप सैनी और अन्य व्यापारियों ने साहस का परिचय देते हुए बीच-बचाव किया और युवक को उग्र भीड़ के चंगुल से सुरक्षित बाहर निकाला। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते हस्तक्षेप न किया जाता, तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी।
🔴 पुलिस प्रशासन की चेतावनी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित कर माहौल शांत कराया।
बहादराबाद थाना प्रभारी अमरजीत सिंह ने इस संबंध में बताया कि, “इस मामले में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत प्राप्त होने पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

वहीं, हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने सभी कांवड़ियों से नियमों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण ढंग से कांवड़ यात्रा संपन्न करने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि शांतिभंग और हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ प्रशासन सख्त कानूनी कार्रवाई करेगा।
