उत्तराखंड मेलाधिकारी ने कुंभ निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर गुणवत्ता और समयबद्धता पर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश,,,,

हरिद्वार। कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने शहर में प्रस्तावित प्रशासनिक रोड कॉरिडोर सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं।
उन्होंने कहा कि कुंभ मेला करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है, ऐसे में सभी निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप समय पर पूरे होना अनिवार्य है। मेलाधिकारी ने शंकराचार्य चौक सहित अन्य प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण और यातायात सुधार पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही अव्यवस्थित खंभों व अन्य अवरोधों को हटाने तथा क्षेत्र को अतिक्रमणमुक्त बनाने को कहा।
उन्होंने जानकारी दी कि शंकराचार्य चौक से मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) तक प्रशासनिक रोड कॉरिडोर का कार्य शुरू हो चुका है। इस परियोजना के अंतर्गत लगभग 7 मीटर चौड़ी सड़क, दोनों ओर फुटपाथ और करीब 1 किलोमीटर लंबाई में 5.5 मीटर चौड़ा पैदल मार्ग विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही ड्रेनेज सिस्टम, स्ट्रीट लाइटिंग और सौंदर्यीकरण कार्य भी किए जाएंगे। चंडी चौक मार्ग पर मौजूदा पुल के समानांतर एक अतिरिक्त लेन के पुल का निर्माण भी प्रस्तावित है।

निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर देते हुए निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों के दौरान मार्ग के किनारे स्थित पेड़ों को किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचे। उन्होंने हरित पट्टियों के विकास, फूलों और शोभादार पौधों के रोपण तथा दीवारों पर देवभूमि उत्तराखंड और कुंभ की महत्ता को दर्शाने वाली आकर्षक वॉल पेंटिंग कराने को कहा।
इसके अतिरिक्त, शंकराचार्य चौक से डामकोठी मार्ग तक के क्षेत्र को एक ‘आइकॉनिक’ जोन के रूप में विकसित करने पर बल दिया गया। उन्होंने सभी संबंधित विभागों—मेला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग, हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण और नगर निगम—को आपसी समन्वय के साथ कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मेलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी को गंभीरता से लिया जाएगा। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
