उत्तराखंड भारी बारिश से उत्तराखंड बेहाल यमुनोत्री हाईवे बंद, यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से स्यानाचट्टी में दहशत,,,

देहरादून: मौसम विभाग की चेतावनी के बीच उत्तराखंड में मानसूनी बारिश लगातार कहर बरपा रही है। देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में भारी बारिश के चलते जलभराव और फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) की आशंका जताई गई है।
🟢 यमुनोत्री हाईवे पर भूस्खलन और यातायात ठप
यमुनोत्री घाटी में रुक-रुक कर हो रही भारी बारिश के कारण यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है। सड़क पर भारी मलबा और बोल्डर आ जाने के कारण शुक्रवार तड़के से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। सड़क चौड़ीकरण कार्य में जुटी निर्माण एजेंसियों की मशीनें मलबा हटाने और मार्ग को सुचारु करने के काम में युद्धस्तर पर जुटी हुई हैं।
🟢 स्यानाचट्टी में यमुना नदी का बढ़ा जलस्तर
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से यमुना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। आपदा प्रभावित स्यानाचट्टी क्षेत्र में नदी का पानी बढ़कर कुछ होटलों की पहली मंजिल तक पहुंच गया, जिससे स्थानीय निवासियों में भारी दहशत का माहौल है।
🟢 इस बीच आई राहत कीखबर
प्रशासन के अनुसार, गनीमत यह रही कि यमुना नदी का बहाव फिलहाल अपने मुख्य मार्ग से ही हो रहा है और नदी ने कोई नई धारा नहीं बनाई है। इससे स्यानाचट्टी क्षेत्र में किसी बड़े जान-माल के नुकसान की आशंका फिलहाल टलती नजर आ रही है।
🔴 प्रशासन मुस्तैद
प्रशासन स्थिति पर लगातार पैनी नजर बनाए हुए है। यात्रियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में एहतियात बरती जा रही है, साथ ही हाईवे को जल्द से जल्द यातायात के लिए खोलने के प्रयास जारी हैं।
