उत्तराखंड कैंची धाम मेले से पहले हुआ विवाद, युवतियों से छेड़छाड़ के आरोप में ड्यूटी पर आए दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार, मुकदमा दर्ज,,,,

नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम के स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों के बीच एक बेहद गंभीर और विवादित मामला सामने आया है। मेले की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात किए गए दो पुलिसकर्मियों पर स्थानीय युवतियों के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। इस घटना के बाद क्षेत्र में भारी जन-आक्रोश फैल गया, जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपी जवानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
🔴 होमस्टे परिसर में अभद्रता का आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 जून को आयोजित होने वाले कैंची धाम स्थापना दिवस समारोह के लिए नैनीताल पुलिस ने अन्य जनपदों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया है। बाहरी जिलों से आए इन जवानों के ठहरने की व्यवस्था स्थानीय होमस्टे और गेस्ट हाउसों में की गई थी।
आरोप है कि बीती रात उधम सिंह नगर जिले से ड्यूटी पर आए दो पुलिसकर्मियों ने शराब का सेवन किया। इसके बाद रात करीब 10 बजे उन्होंने उसी परिसर में मौजूद दो युवतियों के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ और बदसलूकी की। घटना की भनक लगते ही स्थानीय ग्रामीण और व्यापारी बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए।
🔴 स्थानीय लोगों ने किया पुलिस चौकी का घेराव
पुलिसकर्मियों की इस करतूत से नाराज स्थानीय लोगों और व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने तुरंत पुलिस चौकी पहुंचकर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। स्थानीय नागरिकों का कहना था कि इतने बड़े धार्मिक और पवित्र आयोजन की सुरक्षा का जिम्मा संभालने आए जवानों द्वारा ऐसा कृत्य किया जाना बेहद शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है।
🔴 एल्कोमीटर टेस्ट में नशे की पुष्टि, मुकदमा दर्ज
मामले की संवेदनशीलता और बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे।
क्षेत्राधिकारी (CO) भवाली, रविकांत सेमवाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपी पुलिसकर्मियों का तत्काल एल्कोमीटर टेस्ट कराया गया, जिसमें उनके द्वारा शराब के सेवन की पुष्टि हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों जवानों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
🔴 जांच के बाद होगी सख्त विभागीय कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की विस्तृत और निष्पक्ष जांच शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी और विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
गौरतलब है कि 15 जून को होने वाले मुख्य समारोह में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के कैंची धाम पहुंचने की उम्मीद है। इस अप्रिय घटना के बाद प्रशासन ने पूरे कैंची धाम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है तथा निगरानी बढ़ा दी गई है।
